Dabwali News: निजी बस संचालकों पर छात्रों से जबरन वसूली के आरोप, बस से उतारने की देते हैं धमकी, वीडियो वायरल

एबीवीपी ने दी आंदोलन की चेतावनी

Manmohan Picture
Published On

Private Bus Operators Accused of Extorting Students: गोरीवाला/डबवाली (सच कहूँ/अनिल)। डबवाली क्षेत्र में निजी बस संचालकों द्वारा छात्र बस पास मानने से इनकार कर छात्रों से टिकट वसूले जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर बुधवार को डबवाली-ऐलनाबाद रूट पर छात्रों और बस कर्मियों के बीच बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। छात्रों का आरोप है कि निजी बस संचालक पास होने के बावजूद जबरन टिकट कटवाते हैं और विरोध करने पर बस से नीचे उतारने तक की धमकी देते हैं। Dabwali News

जानकारी के अनुसार डबवाली-ऐलनाबाद रूट पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रतिदिन पढ़ाई के लिए सफर करते हैं। आरोप है कि इस रूट पर चलने वाली कई निजी बसों में कंडक्टर छात्र पास स्वीकार नहीं करते और टिकट लेने के लिए दबाव बनाते हैं। टिकट से इनकार करने पर छात्रों से बहस की जाती है और उन्हें बस से उतारने की धमकी दी जाती है। वायरल वीडियो में छात्र बस कर्मियों से पूछते दिखाई दे रहे हैं कि यदि निजी बसों में पास मान्य नहीं हैं तो इसके संबंध में सरकार का कोई लिखित आदेश दिखाया जाए। छात्रों का कहना है कि सरकारी आदेशों के अनुसार बस पास निजी बसों में भी मान्य हैं, लेकिन बस ऑपरेटर्स यह कहकर पल्ला झाड़ देते हैं कि उन्हें ऐसा कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ।

एबीवीपी के नगर मंत्री एवं प्रदेश संयोजक दीपांशु ने आरोप लगाया कि निजी बस संचालक प्रतिदिन छात्रों से अवैध वसूली कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पास होने के बावजूद टिकट के लिए दबाव बनाया जाता है और नए छात्रों के साथ अक्सर अभद्र व्यवहार किया जाता है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो छात्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। मामले के बाद छात्रों और अभिभावकों में रोष है तथा प्रशासन से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर व्यवस्था लागू करवाने की मांग उठ रही है।

वहीं निजी बस एसोसिएशन के प्रधान धन सिंह ने कहा कि सरकार के आदेशों को लेकर स्पष्टता नहीं है। उन्होंने बताया कि पहले रोडवेज और निजी बस संचालक अपने-अपने पास जारी करते थे, लेकिन अब पास रोडवेज विभाग द्वारा बनाए जा रहे हैं। ऐसे में निजी बस संचालकों का कहना है कि जब तक सरकार इस व्यवस्था को स्पष्ट नहीं करती, विवाद बना रहेगा। उन्होंने कहा कि इस विषय को लेकर वे कई बार संबंधित मंत्री और परिवहन विभाग के अधिकारियों से मिल चुके हैं। Dabwali News

About The Author

Related Posts