हमसे जुड़े

Follow us

35.3 C
Chandigarh
Wednesday, April 22, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी किसान के हत्य...

    किसान के हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस की चार टीमें

    Kairana
    Kairana किसान के हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस की चार टीमें

    कैराना। सोमवार रात्रि बदलूगढ़ में खेत पर हुई किसान की हत्या के राजफाश को पुलिस की चार टीमें लगी हुई है। मृतक के पुत्र ने प्रोपर्टी विवाद में हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए दो सगे भाइयों समेत चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। नामजद हत्यारोपियों में कस्बे के कांधला मार्ग पर संचालित मीट प्लांट का प्रबंधक भी शामिल है।

    विगत सोमवार रात्रि करीब साढ़े नौ बजे कस्बे के मोहल्ला आलकलां निवासी किसान देवेन्द्र उर्फ देवी बदलूगढ़ में स्थित अपने घेर में चारपाई पर बैठा था। देवेन्द्र ने खेत में ही अपना घेर बना रखा है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाश बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे तथा चारपाई पर बैठे किसान देवेन्द्र पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की गोली लगने से चारपाई पर बैठा किसान लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। घटना को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस व किसान के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तथा घायल किसान को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    गोली किसान के सिर व कमर में लगी थी। बाद में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह भी पुलिस टीम के साथ में अस्पताल में पहुंच गए। उन्होंने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। इस पर एएसपी संतोष कुमार सिंह कैराना पहुंचे तथा घटना की जानकारी हासिल की। पुलिस ने मृतक के शव को पंचायतनामा भरने के पश्चात पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए। बाद में एएसपी व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने आसपास के लोगो से घटना के सम्बंध में बातचीत की। मृतक के पुत्र उपेन्द्र उर्फ सोनू ने यूसुफ निवासी मोहल्ला रोड की जोहड़ी शामली, तनवीर निवासी मोहल्ला अंसारियान, मोहम्मद मौमीन निवासी मोहल्ला आलकलां व भूरा निवासी मोहल्ला दरबारखुर्द कस्बा कैराना के विरुद्ध कोतवाली कैराना पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। नामजद कराया गया तनवीर कस्बे के कांधला मार्ग पर स्थित मीट प्लांट का प्रबंधक है। एसओजी व सर्विलांस समेत पुलिस की चार टीमें हत्याकांड के खुलासे के लिए लगाई गई है। पुलिस की टीमें घटनास्थल के आसपास मौजूद सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में लगी हुई है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह का कहना है कि मृतक के पुत्र ने चार लोगो के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। मामला प्रोपर्टी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। चार टीमें घटना के खुलासे के लिए लगाई गई है। प्रत्येक एंगल को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा करके हत्यारोपियों को जेल भेजा जाएगा।