नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने की नागरिकों और बेजुबान जीवों के लिए सहयोग की अपील
- तपती गर्मी से राहत के प्रयास तेज: नगर निगम ने लगाए ग्रीन नेट, प्याऊ और छिड़काव की व्यवस्था
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: भीषण गर्मी से बेहाल होते शहरवासियों और राहगीरों को राहत पहुंचाने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने व्यापक इंतजाम शुरू कर दिए हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर शहर के मुख्य चौराहों पर ग्रीन नेट, प्रमुख मार्गों पर पानी का छिड़काव और शुद्ध पेयजल प्याऊ की व्यवस्था की जा रही है। Ghaziabad News
ग्रीन नेट से धूप में राहत, प्याऊ से प्यासों को सहारा
नगर निगम के निर्माण विभाग द्वारा हापुर चुंगी, ठाकुरद्वारा और वसुंधरा रेड लाइट जैसे प्रमुख स्थानों पर ग्रीन नेट लगाए गए हैं, जिससे ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले राहगीरों को धूप से कुछ राहत मिल सके। इसी क्रम में लगभग 55 स्थानों पर मटकों वाले प्याऊ लगाए गए हैं, जिनमें प्रतिदिन टैंकरों के माध्यम से शुद्ध पेयजल भरा जा रहा है। प्याऊ पर पानी पिलाने वालों की भी अस्थायी ड्यूटी लगाई गई है ताकि कोई प्यासा न रह जाए।
छिड़काव और जल आपूर्ति व्यवस्था भी सुदृढ़ | Ghaziabad News
भीषण गर्मी से सड़कों पर उठती धूल और लू से राहत दिलाने के लिए नगर निगम की टीम मुख्य सड़कों पर नियमित जल छिड़काव कर रही है। नगर आयुक्त मलिक ने बताया कि शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत 6,500 हैंडपंप और 1,300 नलकूपों के माध्यम से जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।जलकल विभाग को नलकूपों की त्वरित मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।
नगर आयुक्त ने बेजुबानों परिंदों के लिए संवेदना का दिया संदेश
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों की छतों और बाहर छोटे बर्तनों में पानी रखें, जिससे पशु-पक्षियों को राहत मिल सके। हर घर परिंदों के लिए दाना- पानी की व्यवस्था जरूर करें। उन्होंने कहा कि “भीषण गर्मी में जल की व्यवस्था केवल इंसानों के लिए नहीं, बल्कि बेजुबान जीवों के लिए भी अनिवार्य है। हर घर एक प्याला पानी ज़रूर रखे। “कई सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी बेजुबान जीवों के लिए पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। नगर निगम ने इसे सराहनीय पहल बताया है और नागरिक सहभागिता को प्रेरणादायक कहा है।
निगम के अन्य विभागों को भी दिए विशेष निर्देश
नगर आयुक्त ने निगम के जलकल विभाग को प्याऊ पर सतत निगरानी के आदेश दिए है। और निर्माण विभाग को नए स्थलों पर ग्रीन नेट लगाने की योजना बनाने को कहा है। उद्यान विभाग को पार्कों में पेड़-पौधों की देखभाल और जल छिड़काव के निर्देश दिए है। तपती गर्मी में नगर निगम का यह बहुस्तरीय प्रयास जनता और बेजुबान परिंदों को राहत देगा। Ghaziabad News
यह भी पढ़ें:– चार गांवों के उपभोक्ताओं को मिलेगी ‘राहत की बिजली’