हमसे जुड़े

Follow us

35.1 C
Chandigarh
Thursday, April 23, 2026
More

    ‘शिक्षा के साथ खेलों का समन्वय ही वास्तविक विकास’

    Hanumangarh News
    'शिक्षा के साथ खेलों का समन्वय ही वास्तविक विकास'

    बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में अन्तर महाविद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता शुरू

    हनुमानगढ़। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय की अन्तर महाविद्यालय स्तर की पुरुष एवं महिला तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में समारोहपूर्वक हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गणेश राज बंसल रहे, जबकि अध्यक्षता संस्था निदेशक तरुण विजय ने की। इस मौके पर कॉलेज चेयरमैन आशीष विजय, वाइस चेयरमैन रोनक विजय, प्रशासक परमानन्द सैनी, प्राचार्य डॉ. विशाल पारीक एवं उप-प्राचार्य डॉ. मनोज शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। Hanumangarh News

    प्रतियोगिता में हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर एवं चूरू जिलों से कुल 40 टीमों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। विधायक गणेश राज बंसल ने शुभारंभ मौके पर कहा कि तीरंदाजी एक ऐसा खेल है जो हमें धैर्य, एकाग्रता और लक्ष्य पर ध्यान केन्द्रित करना सिखाता है। इस प्रतियोगिता से न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच मिलेगा बल्कि जिले और प्रदेश का गौरव भी बढ़ेगा। उन्होंने कॉलेज प्रशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज ने शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी नई परंपरा स्थापित की है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरे मनोयोग से खेलें और भविष्य में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करें। कॉलेज निदेशक तरुण विजय ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं।

    शिक्षा के साथ खेलों का समन्वय ही वास्तविक विकास है। उन्होंने कहा कि आज इस प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ कॉलेज ने एक और सुनहरा अध्याय लिखा है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीत-हार से ऊपर उठकर खेलों का आनंद लेना और अनुशासन का पालन करना ही असली खिलाड़ी की पहचान है। उन्होंने यह भी कहा कि संस्था का प्रयास रहेगा कि आने वाले समय में और भी बड़े स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित हों ताकि खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल सकें। इस मौके पर शारीरिक शिक्षा शिक्षक राजकुमार, विश्वविद्यालय पर्यवेक्षक बजरंग तंवर, भंवर व्यास एवं रामनिवास चौधरी, तीरंदाजी कोच अमन कड़वा, राजेश कुमार सहित खिलाड़ी मौजूद रहे। Hanumangarh News