
UP Highway News: अयोध्या। देवीपाटन मंडल के लिए बहुप्रतीक्षित अयोध्या–गोंडा–बलरामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को छह लेन में विकसित करने की योजना अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की डिज़ाइन तैयार कर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेज दी गई है। प्रस्ताव के अनुसार कुल 65 किलोमीटर लंबा यह सिक्स लेन हाईवे तैयार होगा, जिसमें लगभग आठ किलोमीटर हिस्सा अयोध्या रिंग रोड का होगा।
Vitamin D For Winters: सर्दियों में कैसे करें विटामिन डी की कमी पूरी? जानें तरीके
अयोध्या रिंग रोड से सीधे जुड़ेगा नया हाईवे | UP Highway News
नवाबगंज क्षेत्र में निर्माणाधीन अयोध्या रिंग रोड से निकलने वाला 57 किलोमीटर लंबा यह सिक्स लेन राष्ट्रीय मार्ग गोंडा और बलरामपुर को नई पहचान देगा। मार्ग गोंडा–नवाबगंज पुरानी सड़क के दक्षिण से होते हुए गोंडा शहर में प्रस्तावित रिंग रोड से जुड़ेगा। इसके बाद यह पुरानी सड़क को क्रॉस करते हुए उत्तर दिशा से गोंडा–बलरामपुर मार्ग को पार करेगा और पश्चिम की ओर निकलकर गोरखपुर–शामली एक्सप्रेस-वे से जुड़ जाएगा। इस मार्ग के बन जाने से अयोध्या से गोंडा की दूरी मात्र 35 किलोमीटर और गोंडा से बलरामपुर की दूरी 22 किलोमीटर रह जाएगी। इससे न केवल देवीपाटन मंडल बल्कि श्रावस्ती, बलरामपुर और नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों के लोगों को भी अयोध्या तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
जर्जर टू-लेन सड़क से मिलेगी मुक्ति
वर्ष 2018 में बलरामपुर में बनी 43 किलोमीटर लंबी टू-लेन सड़क आज तक मरम्मत का इंतजार कर रही है। जबकि इस मार्ग से प्रतिदिन लगभग 10 हजार वाहन और एक लाख से अधिक लोगों का आवागमन होता है। निर्माण के उसी वर्ष इसे राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-330) का दर्जा मिलने के बाद इसे फोरलेन बनाने की मांग उठने लगी थी।
फोरलेन से सिक्स लेन तक का सफर
वर्ष 2023 में अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग खंड द्वारा गोंडा–बलरामपुर–अयोध्या मार्ग को फोरलेन बनाने का प्रस्ताव मंत्रालय को भेजा गया था, लेकिन यातायात दबाव कम होने के कारण गोंडा–बलरामपुर खंड को स्वीकृति नहीं मिल सकी। जनवरी 2024 में अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद हालात बदले। देश के बड़े उद्योगपतियों और निवेशकों का रुझान अयोध्या के साथ-साथ गोंडा क्षेत्र की ओर बढ़ा। इसके बाद अयोध्या से गोंडा तक 35 किलोमीटर लंबे सिक्स लेन हाईवे की योजना बनी, जिसे आगे बढ़ाकर बलरामपुर तक विस्तारित कर दिया गया। अब इस पूरे मार्ग की डिज़ाइन भी तैयार हो चुकी है।
600 हेक्टेयर भूमि होगी अधिग्रहित
सिक्स लेन हाईवे नवाबगंज के महेशपुर में बन रहे अयोध्या रिंग रोड से शुरू होगा और पुरानी सड़कों के बजाय खेतों के बीच से होकर गोंडा पहुंचेगा। यहां से यह सीधे बलरामपुर में गुजर रहे गोरखपुर–शामली एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा। हालांकि हाईवे का मुख्य कैरिजवे फोरलेन रहेगा, लेकिन दोनों ओर सर्विस लेन देकर इसे सिक्स लेन बनाया जाएगा। 25 मीटर चौड़े हाईवे के लिए करीब 90 मीटर चौड़ाई की भूमि अधिग्रहित की जाएगी। इस परियोजना के लिए लगभग 600 हेक्टेयर भूमि खरीदी जाएगी।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
अयोध्या एनएच डिवीजन के अधिशासी अभियंता एस.के. मिश्र के अनुसार, “छह लेन राष्ट्रीय मार्ग की डिज़ाइन मंत्रालय को भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।” यह परियोजना न केवल देवीपाटन मंडल के लिए विकास का नया द्वार खोलेगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक निवेश को भी नई गति देगी।














