लखनऊ। रवींद्र जडेजा (नाबाद 43/ एक विकेट) के हरफनमौला प्रदर्शन और जोफ्रा आर्चर (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 32वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 40 रनों से हरा दिया। इस बड़ी जीत के साथ ही आरआर अंक तालिका में 10 अंक के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स को घरेलू मैदान पर लगातार सातवीं हार का सामना करना पड़ा है। जोफ्रा आर्चर (तीन विकेट) की अगुवाई में राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 18 ओवर में 119 रन पर समेट कर मुकाबला 40 रनों से जीत लिया। मिचेल मार्श के अलावा (55), निकोलस पूरन (22) और हिम्मत सिंह (15) के अलावा लखनऊ सुपर जायंट्स का कोई भी बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरूआत अच्छी नहीं हुई और उसने मात्र 11 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिये। आयुष बदोनी, कप्तान ऋषभ पंत और एडन मारक्रम अपना खाता भी नहीं खोल पाये। ऐसे संकट के समय बल्लेबाजी करने आये निकोलस पूरन ने मिचेल मार्श के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 43 रन जोड़े। 10वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने निकोलस पूरन (22) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। हिम्मत सिंह (15) रन बनाकर आउट हुये। 16वें ओवर में नांद्रे बर्गर ने मिचेल मार्श का शिकार कर राजस्थान रॉयल्स को बड़ी सफलता दिलाई। मिचेल मार्श ने 41 गेंदों में छह चौके और दो छक्के लगाते हुए 55 रनों की पारी खेली। मुकुल चौधरी (सात) रन बनाकर आउट हुये। जोफ्रा आर्चर ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर मोहसिन खान (शून्य) को बोल्ड कर लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी का 119 रन के स्कोर पर अंत कर दिया।
आरआर की ओर से जोफ्रा आर्चर को तीन विकेट मिले। नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट लिये। रवींद्र जडेजा और रवि बिश्नोई ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले आज यहां लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को मोहम्मद शमी और मोहसिन खान ने शुरूआती झटके देते हुए उसके शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया। यशस्वी जायसवाल 12 गेंदों में (22) रन को शमी ने आउट किया। शमी ने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर ध्रुव जुरेल को खाता खोलने का मौका भी नहीं दिया। चौथे ओवर में मोहसिन खान ने वैभव सूर्यवंशी (आठ) रन का शिकार कर आरआर को बड़ा झटका दिया। इसके बाद कप्तान रियान पराग और शिमरॉन हेटमायर ने पारी को संभालने का प्रयास किया। लेकिन नौवें ओवर में प्रिंस यादव ने रियान पराग को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। रियान पराग ने 19 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए (20) रन बनाये। 11वें ओवर में मोहसिन खान ने शिमरॉन हेटमायर को आउट कर लखनऊ सुपर जायंट्स को पांचवीं सफलता दिलाई। शिमरॉन हेटमायर ने 18 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए (22) रन बनाये। डॉनोवन फरेरा 19 गेंदों में (20) रन को प्रिंस यादव ने आउट किया। राजस्थान रॉल्यस की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 159 रनों का स्कोर बनाया। रवींद्र जडेजा ने 29 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 43 रनों की पारी खेलकर आरआर को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया। वहीं शुभम दुबे ने 11 गेंदों में तीन चौके लगाते हुए (नाबाद 19) रन बनाये। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और मोहसिन खान (दो-दो विकेट) लिये।















