शीघ्र निर्माण की उठी मांग, सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र में पिछले करीब एक वर्ष से अधूरी पड़ी सड़कों की समस्या अब जनआक्रोश का कारण बनती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने सोमवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर दोनों प्रमुख सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करवाने की मांग की है। बहल ने अवगत करवाया कि संगरिया रोड पर क्राउन सिटी से काच्छी फार्म हाउस तक की सड़क का निर्माण कार्य काफी समय से अधूरा पड़ा है। यहां केवल पत्थर बिछाकर कार्य रोक दिया गया है, जबकि डामरीकरण नहीं होने से सड़क पर धूल-मिट्टी उड़ती रहती है। साथ ही पत्थरों के कारण कई राहगीर चोटिल भी हो चुके हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। Hanumangarh News
इसी प्रकार करणी चौक से तिलक सर्किल तक का मुख्य मार्ग भी पिछले एक वर्ष से अधूरा पड़ा है। यह मार्ग सिविल लाइन क्षेत्र को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं और आमजन आवागमन करते हैं। सड़क पर डामर नहीं होने और एकतरफा यातायात की स्थिति के चलते यहां हादसों की आशंका बनी रहती है, जबकि पूर्व में भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं।
सुशील बहल ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि इस समस्या को लेकर नगर परिषद अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए दोनों सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करवाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। Hanumangarh News















