‘महिला हनुमान मंडली’ 37 लाख से अधिक की राशि कर चुकी दान
हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र में महिला हनुमान मंडली की ओर से पिछले 17 वर्षों से गौसेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किया जा रहा है। मंडली की ओर से निस्वार्थ भाव से नियमित रूप से कीर्तन एवं सुंदरकांड का आयोजन कर सहयोग राशि एकत्रित की जाती है, जिसे क्षेत्र की विभिन्न गोशालाओं को समर्पित किया जाता है। 13 सदस्यीय इस मंडली ने अब तक कुल 37 लाख 31 हजार रुपए की राशि गोशालाओं को दान स्वरूप प्रदान कर समाज में सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की है। इसी क्रम में सोमवार को जंक्शन क्षेत्र की नई खुंजा स्थित श्री कृष्ण गोसेवा समिति को 31 हजार रुपए की सहयोग राशि भेंट की गई। Hanumangarh News
इस मौके पर मंडली की सदस्य कृष्णा गिरधर, विमला नोखवाल, कृष्णा गर्ग, कृष्णा खैरवा, उषा शर्मा, कंचन शर्मा, सुनीता किलानिया, पुष्पा, मंजू महेश, वंदना शर्मा एवं सुषमा गर्ग ने गोशाला समिति के पदाधिकारियों को यह राशि सौंपी। मंडली का यह सेवा भाव न केवल गौसेवा को सशक्त बना रहा है, बल्कि समाज के लिए प्रेरणास्रोत भी बन रहा है।
इस मौके पर श्री कृष्ण गोसेवा समिति के अनिल कुमार अग्रवाल ने मंडली के कार्यांे की सराहना करते हुए कहा कि कीर्तन और सुंदरकांड के माध्यम से जहां एक ओर सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार हो रहा है, वहीं दूसरी ओर गोमाता की सेवा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्री कृष्ण गोसेवा गोशाला का संचालन वर्ष 2002 से किया जा रहा है, जहां बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गोवंश का उपचार किया जाता है। वर्तमान में गोशाला में करीब 400 गाय व नंदी की देखभाल की जा रही है। Hanumangarh News















