Domestic Violence: हनुमानगढ़। जिले में घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है, जहां एक पति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसका पैर तोड़ दिया। घायल महिला का राजकीय जिला चिकित्सालय में इलाज जारी है। सदर थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, जिला अस्पताल में भर्ती पक्कासारणा निवासी सुमन (30) पत्नी शीशपाल नायक ने पर्चा बयान दर्ज करवाया कि उसकी शादी करीब 15 वर्ष पहले शीशपाल के साथ हुई थी और उनके चार बच्चे हैं। उसने आरोप लगाया कि उसका पति नशे का आदी है और आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। Hanumangarh News
पीड़िता के अनुसार, 19 अप्रैल की रात करीब 9.30 से 10 बजे के बीच उसका पति शराब के नशे में घर आया और आते ही झगड़ा शुरू कर दिया। उसने कहा कि तेरी वजह से मेरे माता-पिता मुझे कुछ नहीं देते। इसके बाद गुस्से में आकर उसने घर में पड़ी लकड़ी की बल्ली (लाठी) उठाकर सुमन के दाहिने पैर की नली पर जोरदार वार किया, जिससे उसका पैर टूट गया। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और लाठियों से मारपीट कर सुमन को घर से बाहर गली में फेंक दिया। शोर सुनकर चाचा ससुर चेतराम और उनकी पत्नी राणु मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर महिला को बचाया।
इसके बाद पीड़िता के भाई पवन को सूचना दी गई, जो उसे गाड़ी में लेकर अस्पताल पहुंचा और भर्ती करवाया। अस्पताल में जांच के दौरान महिला के दाहिने पैर पर गंभीर चोट पाई गई, जिस पर प्लास्टर चढ़ाया गया है। अन्य चोटों का भी उपचार जारी है। पुलिस ने पर्चा बयान और मेडिकल जांच के आधार पर आरोपी पति शीशपाल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक जसकरण सिंह को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News















