हमसे जुड़े

Follow us

21.1 C
Chandigarh
Saturday, March 14, 2026
More

    Rajasthan Crime: गवाही देने की रंजिश में युवक पर हमला

    Hanumangarh News
    सांकेतिक फोटो

    कापे से वार कर मारी चोट, पिस्तौल से फायर करने का प्रयास, तीन नामजद

    हनुमानगढ़। तीन जनों ने गवाही देने की रंजिश में एक युवक पर रास्ते में हमला कर दिया। युवक के सिर के पीछे कापे से वार कर चोट मारी। पिस्तौल निकालकर फायर करने का प्रयास किया। गनिमत रही कि पिस्तौल नहीं चला। राहगीरों के आने पर हमलावर बाइक पर सवार होकर भाग गए। चोटें लगने से घायल को राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। इस संबंध में सदर पुलिस थाना में तीन हमलावरों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करवाया गया है।

    टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती यादवीर सिंह (26) पुत्र गुरजंट सिंह धालीवाल निवासी वार्ड तीन, गांव नूरपुरा पीएस सदर हनुमानगढ़ ने पुलिस को दिए पर्चा बयान में बताया कि वह रविवार को गांव डबलीराठान में बोहड़ सिंह के घर से ग्वार का बीज लेकर घर वापस आ रहा था। सुबह करीब 8-8.15 बजे वह मोटर साइकिल पर सवार होकर पक्की डबलीराठान के सरकारी स्कूल के पास पहुंचा तो तीन व्यक्ति खड़े थे। थोड़ा आगे कॉलोनी के पास तीनों व्यक्तियों ने उसे घेर कर रास्ता रोक कर गाली-गलौज की और कहने लगे कि तुम्हारे पिता ने गली के विवाद में हमारे खिलाफ गवाही दी है। तुझे आज जान से मारेंगे। इतना कहते ही भट्टी ने कापा निकालकर उसके सिर के पीछे वार कर चोट मारी।

    अदरीश ने पिस्तौल निकाल कर फायर करने का प्रयास किया लेकिन पिस्तौल नहीं चला। अदरीश व सोनी उसके साथ मुक्कों से मारपीट करने लगे। इतने में राहगीर मुमताज मोहम्मद, शक्कूर मोहम्मद ने उसके साथ मारपीट करते देखकर ललकारा तो तीनों व्यक्ति अपनी मोटर साइकिल लेकर भाग गए। मुमताज व शक्कूर ने उसे राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया। पुलिस ने घायल के पर्चा बयान के आधार पर हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अभियोग पंजीबद्ध कर तफ्तीश एएसआई कुलदीप मीणा के सुपुर्द की है।

    होटल पर खाना खाने रूके युवकों से मारपीट, चेन-मोबाइल फोन छीना

    हनुमानगढ़। होटल पर आधी रात को खाना खाने के लिए रूके चार व्यक्तियों के साथ उसी होटल में मौजूद कुछ लड़कों ने मारपीट की और सोने की चेन व मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद यह लड़के कार में सवार होकर फरार हो गए। इस संबंध में फेफाना पुलिस थाना में दो नामजद व कुछ अन्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार श्याम गर्ग (26) पुत्र राजकुमार गर्ग निवासी वार्ड 12, नोहर ने रिपोर्ट के जरिए मुकदमा दर्ज करवाया कि रविवार रात्रि करीब 12.30 बजे वह, उसका बहनोई गौरव चाचाण, बंटी गर्ग, दीपक कंदोई चक 25 एनटीआर स्थित जिन माता होटल पर खाना खाने पहुंचे। उस समय होटल में बाहर की तरफ 5-6 लड़के खाना खा रहे थे। तब वे खाना खाने अंदर चले गए।

    होटल मालिक व अन्य ने किया बीच-बचाव तो कार में सवार होकर भागे

    जब वे खाना खा रहे थे तो उक्त लड़कों में से दो-दो, तीन-तीन लड़के बार-बार अंदर-बाहर आ-जा रहे थे। जब उन्होंने खाना शुरू किया तभी उक्त सभी जने गालियां निकालते हुए अंदर आए। इन लड़कों ने उन्हें गालियां निकाली और सभी के साथ थाप-मुक्कों से मारपीट करने लगे। उनमें से एक लड़के ने कुर्सी उठाकर मारनी चाही व दूसरे लड़के ने खाली बोतल उसके सिर में मारने की कोशिश की। तब उसके साथ वालों ने इनका हाथ पकड़ लिया। इससे वह बच गया। इन लड़कों में से एक लड़के ने उसके बहनोई गौरव चाचाण के गले में पहनी हुई सोने के चेन तोड़कर छीन ली। दूसरे ने उसके गले में पहनी हुई सोने की चेन तोड़ दी जो टूटकर उसके पहने हुए कपड़ों में गिर गई।

    तब होटल मालिक व अन्यों ने बीच-बचाव कर उनको अलग कर दिया। तब यह लड़के अपनी कार नम्बर एचआर 51 एयू 0553 में बैठकर फरार हो गए। जाते समय इनमें से एक लड़का उसके बहनोई गौरव चाचाण का मोबाइल फोन छीनकर ले गया। इन लड़कों में से एक का नाम अमित व दूसरे का नाम मुकेश पुत्र विजय स्वामी निवासी परलीका है। यह घटनाक्रम होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में रिकॉर्ड है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर दो नामजद व अन्यों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अनुसंधान एएसआई ओमप्रकाश कर रहे हैं।

    लूटपाट के इरादे से बुजुर्ग किसान के साथ की मारपीट

    हनुमानगढ़। आधी रात को खेत से साइकिल पर घर लौट रहे बुजुर्ग किसान पर दो बाइक सवार पांच नकाबपोश लोगों ने डन्डों व धारदार हथियार से लैस होकर हमला कर दिया। अज्ञात जने मारपीट के बाद बुजुर्ग से मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। लूट की यह वारदात संगरिया रोड स्थित गांव सतीपुरा के नजदीक हुई। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार गुरदयाल (73) पुत्र हजारी राम जाट निवासी वार्ड एक, गांव सतीपुरा ने लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि उसकी कृषि भूमि चक 50 एनजीसी सतीपुरा में है। वह 28 मई की रात्रि करीब एक बजे खेत में खड़ी फसल में पानी लगाकर साइकिल पर सतीपुरा की तरफ आ रहा था।

    मोबाइल फोन छीनकर हुए फरार, दो बाइक पर सवार होकर आए थे पांच नकाबपोश

    जब वह संगरिया रोड के नजदीक सूरेवाला रोड पर पहुंचा तो पीछे से पांच नकाबपोश व्यक्ति दो मोटर साइकिलों पर सवार होकर आए। इनके हाथों में डन्डे एवं धारदार वस्तु थी। इन लोगों ने उसकी साइकिल के आगे मोटर साइकिल लगाकर उसे रोका। इसके बाद उस पर डन्डों से वार करने लगे। उसके दोनों पैरों एवं हाथ पर किसी धारदार वस्तु से वार कर चोट मारी। कमर पर डन्डों से चोट मारी। मारपीट कर इन लोगों ने उसका कीपैड मोबाइल फोन लूट लिया और संगरिया रोड की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर तफ्तीश हैड कांस्टेबल कुरड़ाराम के सुपुर्द की है। Hanumangarh News

    हनुमानगढ़ ऐसा विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत, दो घायल