Jaisalmer Bus Fire Incident: राजस्थान-गुजरात सीमा पर बस में लगी अचानक आग, मची अफरा-तफरी

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

Jaisalmer Bus Fire Incident: जयपुर। राजस्थान और गुजरात की सीमा के समीप शुक्रवार सुबह एक निजी यात्री बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में एक यात्री गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि चालक और परिचालक की सूझबूझ से अन्य यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार नचना से अहमदाबाद के बीच हाल ही में शुरू की गई निजी बस सेवा अपने शुरुआती दिनों में ही दुर्घटना का शिकार हो गई। बस धनेरा के पास नेनावा क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी उसके वातानुकूलन (एसी) तंत्र में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते बस के भीतर धुआं भरने लगा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। Rajasthan bus Fire

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जहरीला धुआं फैलते ही यात्रियों में घबराहट फैल गई। चालक और परिचालक ने तुरंत बस रोककर यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। इसी दौरान एक यात्री आग और भगदड़ के कारण घायल हो गया, जिसे तुरंत धनेरा के अस्पताल पहुंचाया गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में बस का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

घायल यात्री पलानपुर रेफर, स्थिति गंभीर

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस दल मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। घायल यात्री को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए पलानपुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वहीं कुछ अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिनका उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया। Rajasthan bus Fire

बस सेवा संचालक स्वागत ट्रैवल्स के प्रतिनिधि निर्मल रायानी ने बताया कि नचना-अहमदाबाद मार्ग पर यह सेवा हाल ही में शुरू की गई थी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई यात्रियों का सामान, जरूरी दस्तावेज और मोबाइल फोन जलकर नष्ट हो गए, जिससे अपने परिजनों से संपर्क करने में कठिनाई हुई। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही कंपनी की टीम को तत्काल घटनास्थल पर भेज दिया गया है और यात्रियों तथा उनके परिवारों से संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा रही है।

परिवहन विशेषज्ञों का मानना है कि कई बसों में मानकों के विपरीत तरीके से लगाए गए एसी सिस्टम और खराब विद्युत वायरिंग ऐसे हादसों का कारण बन सकते हैं। उनका कहना है कि बसों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन और आपातकालीन निकास व्यवस्था का सही संचालन सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है, अन्यथा ऐसे वाहन यात्रियों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। Rajasthan bus Fire

About The Author

Related Posts