
नारायणगढ़ (सचकहूंँ /सुरजीत कुराली)। Naraingarh News: कस्बा शहजादपुर की होनहार बेटी सुहासिनी मित्तल ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में 413वां रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल ने शहजादपुर स्थित सुहासिनी मित्तल के निवास पर पहुंचकर उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने सुहासिनी मितल को मिठाई खिलाकर और फूलों का गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सुहासिनी मितल के पिता संजीव मित्तल, माता प्रतिभा मित्तल तथा दादी श्यामा देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों को भी बधाई दी। Naraingarh News
मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाया गया “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान एक सामाजिक आंदोलन है, जिसे हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपीएससी देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक है और इसमें सफलता प्राप्त कर सुहासिनी मित्तल ने न केवल जिला अंबाला बल्कि पूरे हरियाणा का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि सुहासिनी मित्तल की सफलता युवाओं के लिए भी एक संदेश है कि वे अपना लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें। जो युवा भटकाव और भ्रम में नहीं पड़ते, उन्हें मेहनत के दम पर सफलता अवश्य प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी क्षमता पर विश्वास रखते हुए निरंतर परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी एक बेटी के पिता है और बिटिया सुहासिनी मित्तल की सफलता पर उन्हें भी गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि बेटियों को भी जब आगे बढऩे के मौके मिलते है तो वे अपनी मेहनत से सफलता का परचम लहरा देती है।
इस अवसर पर सुहासिनी मित्तल के पिता संजीव मित्तल ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर बहुत गर्व है। उन्होंने कहा कि बेटियों को भी बेटों के समान अवसर मिलने चाहिए, तभी वे समाज और देश के विकास में अपना योगदान दे सकती हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि पूरी लगन और मेहनत के साथ अपनी तैयारी करें और किसी भी प्रकार की घबराहट से बचें, सफलता अवश्य मिलेगी।
उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प से युवा जीवन में बड़ा मुकाम हासिल कर सकते हैं। सुहासिनी मित्तल के पिता संजीव मित्तल शहजादपुर में सीमेंट व सरिया के व्यवसाय से जुड़े हुए हैं, जबकि उनकी माता प्रतिभा मित्तल शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं और गेस्ट टीचर के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। सुहासिनी ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग से यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। Naraingarh News
सुहासिनी मित्तल ने बताया कि यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में उनका 413वां रैंक आया है। उन्होंने आईआईटी मुंबई से गणित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। उनके पिता संजीव मित्तल ने बताया कि उनके दो बच्चे हैं। सुहासिनी बड़ी हैं, जबकि बेटा राघव मित्तल उनसे छोटा है और वर्तमान में गुरुग्राम में नौकरी कर रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री विवेक गुप्ता, मार्केट कमेटी शहजादपुर के चेयरमैन गोपाल मित्तल, बीएलए वन अश्वनी अग्रवाल, डॉ. राजीव गुप्ता, विनोद मित्तल, राजीव मित्तल एडवोकेट प्रशांत गुप्ता, माई भारत अभियान के एमिनेंट पर्सन अर्पित अग्रवाल, संजीव गोयल टोनी, सौरभ गुप्ता, हिमांशु अग्रवाल, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन मनीष मित्तल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंड कार्यवाह आयुष गुप्ता, संजीव कुमार, रमेश शर्मा तथा मंगतराम वर्मा सहित काफी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:– पिहोवा के मुख्य चौक की शोभा बढ़ाएगा शंख, 50 लाख के बजट से होगा जीर्णोद्धार














