Punjab
Phalguni Mahotsav: ओढ़ां के जेएनवी में आयोजित फाल्गुन महोत्सव में 8 राज्यों से पहुंचे कलाकारों ने मचाया धमाल
कलाकारों ने प्रस्तुतियों के जरिए अपने-अपने राज्यों की संस्कृति बारे करवाया अवगत
ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। गांव ओढ़ां के पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में फाल्गुन महोत्सव (Phalguni Mahotsav) का आयोजन धूमधाम से हुआ। उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केन्द्र पटियाला की ओर से आयोजित इस महोत्सव में हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, उत्तरप्रदेश, गुजरात व हिमाचल प्रदेश सहित 8 प्रदेशों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के जरिए अपने-अपने राज्यों की संस्कृति बारे अवगत करवाया। इस अवसर पर उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केन्द्र पटियाला के सहायक निदेशक जरनैल सिंह, सीडीएलयू सरसा से विभागाध्यक्ष विनोद कुमार, चिल्ड्रन वेलफेयर सोसाइटी सरसा से अनीता वर्मा व पंजाबी सिंगर सतिन्द्र बुग्गा विशेष रूप से पहुंचे। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई जिसके बाद हरियाणवी रागनी कलाकार मुकेश राणा (जेएनवी ओढ़ां) ने अपनी टीम के साथ हरियाणवी संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। जिसके बाद जेएनवी ओढ़ां के विद्यार्थियों ने हरियाणवी गीत पर सुंदर प्रस्तुति देकर खूब धमाल मचाया। Sirsa News
वहीं हिमाचल प्रदेश की टीम ने सिरमौरी नाटी नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। इसी प्रकार गुजरात का मशहूर डांडिया व गरबा, बरसाना की होली, झारखंड का पुरलिया छाऊ, उत्तरप्रदेश का मयूर, राजस्थान का प्रसिद्ध भवाई लोक नृत्य, कश्मीर का बचनगमा व रूफ, पंजाब का भंगड़ा, हरियाणा का फाग सहित संस्कृति से जुड़ी विभिन्न शानदार प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति की समृद्धता एवं विविधता को दर्शाते हुए समां बांध दिया। कार्यक्रम में मंच संचालन करते हुए एंकर संजीव शाद ने किया। इस मौके पर विद्यालय के प्राचार्य ललित कालड़ा ने सभी कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यालय के विद्यार्थियों को बहुत कुछ सीखने को मिला है। कार्यक्रम उपरांत सभी कलाकारों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। Sirsa News