Rally: नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में निकाली रैली, फूंका पुतला
झाड़खेड़ी में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा महिला मोर्चा की रैली
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की कार्यकत्रियों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में गांव झाड़खेड़ी में रैली निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने संसद में बिल का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्टी का पुतला भी दहन किया।
विगत बुधवार को कण्डेला मंडल के गांव झाड़खेड़ी में भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री रंजीता सैनी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में पैदल रैली निकाली गई। इस दौरान महिला कार्यकत्री अधिनियम समर्थित नारे लिखे पोस्टर अपने हाथों में थामे हुई थी। उन्होंने गांव की गलियों में घूमकर ग्रामीणों विशेषकर महिलाओं को नारी शक्ति वंदन अधिनियम की महत्ता के बारे में बताया।
महिला कार्यकत्रियों ने कांग्रेस पार्टी व अन्य विपक्षी दलों को अधिनियम के संसद में पास न होने के लिए जिम्मेदार ठहराया। रैली के पश्चात आक्रोशित कार्यकत्रियों ने नारेबाजी करते हुए कांग्रेस पार्टी के पुतले को अग्नि के हवाले किया। वहीं, भाजपा जिला महामंत्री भूपेन्द्र शर्मा व कण्डेला मंडलाध्यक्ष एडवोकेट नेत्रपाल सिंह चौहान ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व के बारे में समझाया। साथ ही, भविष्य में इसे लागू करने करने के संकल्प को भी दोहराया। इस अवसर पर रश्मि सैनी, सना खान, जुबैरिया, पायल, वर्षा, अरुणा, जिया, फातिमा आदि मौजूद रही।