PRTC Employees: पीआरटीसी में 400 से अधिक  कर्मचारी होंगे ‘पक्के’, प्रक्रिया शुरू

हाईकोर्ट ने बीते दिनों पीआरटीसी कर्मचारियों के हक में सुनाया था फैसला

Sarvesh Kumar Picture
Published On

पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। PRTC Employees News: पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के बाद पीआरटीसी द्वारा 400 से अधिक कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पीआरटीसी ने इस संबंध में अपने विभिन्न डिपो को आदेश जारी कर दिए हैं कि वे इन कर्मचारियों को नंबर जारी करें। पीआरटीसी में पक्के होने वाले कर्मचारियों में बड़ी खुशी पाई जा रही है, क्योंकि उन्होंने अपनी नियमित होने की बड़ी लड़ाई जीती है। उल्लेखनीय है कि उक्त कर्मचारी पीआरटीसी में पिछले 20 साल से ज्यादा समय से अपनी सेवाएँ दे रहे थे, लेकिन उस दौरान पीआरटीसी द्वारा उन्हें नियमित नहीं किया गया था। इसके बाद इन कर्मचारियों ने 2021 में हाईकोर्ट का रुख किया। पिछले दिनों ही हाईकोर्ट ने पीआरटीसी को आदेश जारी किए कि इन कर्मचारियों को नियमित किया जाए। इन आदेशों के बाद पीआरटीसी द्वारा इन कर्मचारियों को नियमित करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 

इन कर्मचारियों में कंडक्टर, ड्राइवर, वर्कशॉप स्टाफ और दफ्तर कर्मचारी शामिल हैं, जो पीआरटीसी के विभिन्न डिपो में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। पीआरटीसी के पास कर्मचारियों की कमी भी है और हाईकोर्ट के आदेशों के बाद इन कर्मचारियों के नियमित होने से पीआरटीसी पर वित्तीय बोझ भी बढ़ेगा। नियमित होने वाले कई कर्मचारियों ने इस पत्रकार से बात करते हुए कहा कि वे 2004 से पीआरटीसी में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं, लेकिन अब दो दशकों से ज्यादा समय बाद हाईकोर्ट के जरिए अपनी लड़ाई जीतकर नियमित हुए हैं। उन्होंने कहा कि 2016 के वैल्फेयर एक्ट के तहत तीन साल के कॉन्ट्रैक्ट के बाद 18 महीनों के अंदर पक्का करना था, लेकिन यह एक-एक साल का एग्रीमेंट बढ़ाते रहे। इसके बाद ही उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया। आज अपनी हक की लड़ाई जीतने पर उनके परिवारों में भी बड़ी खुशी महसूस की जा रही है।

हमारी तरफ से कर्मचारियों के हक में सकारात्मक रुख: चेयरमैन जुनेजा

इस संबंध में पीआरटीसी के चेयरमैन हरपाल जुनेजा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पीआरटीसी ने हाईकोर्ट में इन कर्मचारियों के हक में सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि पीआरटीसी द्वारा पक्के होने वाले इन कर्मचारियों को नंबर अलॉट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जुनेजा ने कहा कि पीआरटीसी पंजाब के लोगों की सेवा करने वाला संस्थान है और जल्द ही कई नई बसें पीआरटीसी के बेड़े में शामिल होने जा रही हैं। चेयरमैन जुनेजा ने पक्के होने वाले कर्मचारियों को बधाई भी दी।

बड़ी लड़ाई लड़कर नियमित होने वाले कर्मचारियों को बधाई: हरकेश विक्की

पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष हरकेश कुमार विक्की ने नियमित होने वाले इन कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अदालत की लड़ाई के बाद उन्हें उनका हक मिला है। उन्होंने कहा कि नियमित होने वाले इन कर्मचारियों को जल्द ही नंबर जारी किए जाएं।

About The Author

Related Posts