‘अकाली दल छोड़कर आए कै. अमरिंदर सिंह पर कांग्रेस ने किया था विश्वास’

Captain-Amarinder-Singh sachkahoon

कै. अजय यादव ने पंजाब के पूर्व सीएम पर साधा निशाना

  • कांग्रेस के साथ विश्वासघात करने का लगाया आरोप

गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देना बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण है। जब वे अकाली छोड़कर आए थे तो कांग्रेस ने उन पर विश्वास किया था। उन्हें पंजाब कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष तब बनाया गया था। अब चुनाव के समय में कांग्रेस छोड़कर कैप्टन ने पार्टी से विश्वासघात किया है। यह बात उन्होंने शनिवार को यहां जारी बयान में कही।

कैप्टन अजय यादव ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनको तीन बार पंजाब कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया। लगभग 10 वर्ष उनको मुख्यमंत्री बनाया। अब जब 4 महीने बाद ही पंजाब में चुनाव हैं, इस समय एकदम से पार्टी को छोड़ना विश्वासघात है। जिस पार्टी ने उनको इतना मान-सम्मान दिया है, वो आगे भी उनको पूरा मान-सम्मान देगी। कैप्टन अजय सिंह ने कहा कि राहुल गांधी साम्प्रदायिक ताकतों के विरुद्ध जमकर लड़ रहे हैं। ऐसे में कैप्टन अमरिंदर सिंह को कंधे से कंधा मिलाकर राहुल का साथ देना चाहिए। यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री से तो उनको इसलिए हटना पड़ा, क्योंकि 45 विधायकों ने लिखित में उनके खिलाफ दिया था वे विश्वास प्रस्ताव खो चुके थे। उनका गृह मंत्री अमित शाह से मिलना बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण है। क्योंकि भाजपा का तो काम ही बांटने का है। ऐसे में यदि वे भाजपा नेताओं से मिलेंगे और अलग पार्टी बनाएंगे तो साम्प्रदायिक पार्टियों की मदद करेंगे।

कैप्टन अजय सिंह ने कहा कि उन्होंने स्वयं ही 2017 में कहा था कि यह उनका आखिरी चुनाव है और उनकी आयु 80 वर्ष हो चुकी है। इसलिए अब उनको सम्मानपूर्वक राजनीति से रिटायर्ड होना चाहिए और कांग्रेस पार्टी के मार्गदर्शक बनकर रहना चाहिए। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सेना में रहते हुए देश की सेवा की है। उनको एक बार फिर विचार करना चाहिए।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।