पंजाब मंत्रिमंडल के चेहरे तय, कल लेंगे शपथ

Punjab

चंडीगढ़। पंजाब के हाल ही में बने नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अपने रविवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे जिसमें 15 नए मंत्री शामिल किए जाएंगे। सूत्रों के अनुसार शपथग्रहण समारोह राजभवन में सायं 4.30 बजे होगा जिसमें राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित 15 नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कराएंगे। बताया जाता है कि राज्य मंत्रिमंडल में नए मंत्रियों के नामों की सूची पर कांग्रेस हाईकमान ने अंतिम मुहर लगा दी है जिसके लिए चन्नी को शनिवार को पुन: दिल्ली बुलाया गया था।

चन्नी ने शनिवार को दिल्ली से यहां पहुंचने के बाद राज्यपाल से मुलाकात की तथा मंत्रिमंडल विस्तार के लिए उन्हें औपचारिक पत्र सौंपा। इससे पहले गत 20 सितम्बर सोमवार को चन्नी ने मुख्यमंत्री और सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओम प्रकाश सोनी ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। राज्य मंत्रिमंडल में अधिकतम संख्या 18 तक ही हो सकती है।

नए मंत्रियों में 7 नए चेहरे हो सकते है

सूत्रों के अनुसार नए मंत्रियों में सात नए चेहरे लिए जा सकते हैं और आठ पुराने चेहरों की भी वापसी हो सकती है। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के पांच करीबी मंत्रियों की छुट्टी होने की सम्भावना है। इनमें साधु सिंह धर्मसोत, बलवीर सिद्धू, राणा गुरमीत सोढ़ी, गुरप्रीत कांगड़ और सुंदर शाम अरोड़ा हो सकते हैं। धर्मसोत पर पोस्टमैट्रिक छात्रवृत्ति में कथित तौर पर घोटाले के आरोप हैं। वहीं सोढी और अरोड़ा भी कैप्टन के खासमखास हैं। कांगड़ उनके दामाद को सरकारी नौकरी दिलाने के कारण निशाने पर रहे हैं।

बाजवा और सरकारिया कैप्टन के खिलाफ थे

बताया जाता है कि मंत्रिमंडल में मनप्रीत बादल, विजएंद्र सिंगला, रजिया सुल्ताना, ब्रह्म मोहिंदरा, अरुणा चौधरी, भारत भूषण आशु, तृप्त राजिंदर बाजवा और सुख सरकारिया की वापसी हो रही है। श्रीमती सुल्ताना के पति मोहम्मद मुस्तफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के रणनीतिक सलाहकार हैं। वहीं अरुणा चौधरी चन्नी के साथ रिश्तेदारी है। आशु के पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ अच्छे सम्बंध बताए जाते हैं। बाजवा और सरकारिया कैप्टन के खिलाफ आवाज बुलंद करने वालों में शामिल थे।

मंत्रिमंडल में जिन सात नए चेहरों को लिए जाने की सम्भावना है उनमें सर्वश्री राजकुमार वेरका, परगट सिंह, संगत गिलजियां, गुरकीरत कोटली, कुलजीत नागरा, राणा गुरजीत सिंह और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग शामिल हैं। इससे पहले चन्नी की दिल्ली में दिल्ली में पार्टी हाईकमान के साथ हुई तीन बैठकों में भी मंत्रियों के नाम तय नहीं हो सके। बताया जाता है कि गांधी के घर शुक्रवार रात पुन: दो बजे तक चार घंटे मंथन चला तथा इसमें कैप्टन खेमे को भी साधते हुए मंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर लग सकी। इस बैठक में प्रियंका गांधी, हरीश रावत, अजय माकन और के.सी. वेणुगोपाल भी शामिल हुए।

सीएम चन्नी ने किया ऐलान

  • हर मंगलवार को मंत्रियों-विधायकों संग करेंगे मीटिंग

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने ऐलान किया कि मैं हर मंगलवार सुबह साढ़े 11 से अढ़ाई बजे तक मंत्रियों, विधायकों व राजनीतिक अधिकारियों को अपने दफ्तर में मिलूंगा और हर मंगलवार दोपहर तीन बजे कैबिनेट की मीटिंग होगी।

मुख्यमंत्री : चरणजीत सिंह चन्नी
उपमुख्यमंत्री : सुखजिंदर सिंह रंधावा
उपमुख्यमंत्री : ओपी सोनी

ये चेहरे होंगे शामिल –

  • 1. ब्रह्म मोहिंद्रा
  • 2. भारत भूषण
  • 3.मनप्रीत बादल
  • 4.तृप्त राजिंदर बाजवा
  • 5.कुलजीत नागरा
  • 6.परगट सिंह
  • 7.सुखबिंदर सरकारिया
  • 8. विजय इंदर सिंघला
  • 9.राजकुमार वेरका
  • 10. राणा गुरजीत सिंह
  • 11.संगत गिलजियांन
  • 12.अरुणा चौधरी
  • 13.राजा वड़िंग
  • 14.रजिया सुल्ताना
  • 15.गुरकीरत कोटली

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।