पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने छोड़ी भाजपा

Balwan-Singh-Daulatpuria

खेती बचाओ संघर्ष समिति की महापंचायत में किसानों ने मांगा साथ

  • बोले: किसानी ही मेरा वजूद

फतेहाबाद (सच कहूँ न्यूज)। कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसान आंदोलन के तहत गांव दौलतपुर में एक महापंचायत का आयोजन किया गया। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर खेती बचाओ संघर्ष समिति ने इस महापंचायत में भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक बलवान दौलतपुरिया को भी बुलाया और उनके समक्ष किसान हित में भाजपा छोड़ने की मांग रखी। महापंचायत में पूर्व विधायक दौलतपुरिया ने स्वयं को किसान पहले बाद में राजनेता बताते हुए किसान आंदोलन को समर्थन देते हुए भाजपा छोड़ने की घोषणा की। संयुक्त किसान मोर्चा नेताओं व खेती बचाओ संघर्ष समिति प्रधान जरनैल सिंह मलवाला ने बलवान सिंह को किसानी सरोपा पहनाकर व उनकी गाड़ी से भाजपा की झंडी उतार किसानी एकता का झंडा लगाकर उनका आभार प्रकट किया।

‘मैंने कभी कृषि कानूनों का समर्थन नहीं किया’

महापंचायत को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक बलवान दौलतपुरिया ने कहा कि बेशक वे भाजपा का हिस्सा थे, लेकिन केन्द्र सरकार के कृषि कानूनों का उन्होंने भाजपा में रहते हुए भी कभी समर्थन नहीं किया। उन्होंने सोशल मीडिया, समाचार पत्रों व इलेक्ट्रोनिक मीडिया के जरीये कृषि कानूनों को वापस लेने बारे अपनी आवाज उठाई। उन्होंने 26 जनवरी को लाल किले पर हुए पूरे प्रकरण को केन्द्र सरकार द्वारा मजबूत होते किसान आंदोलन को दबाने की बड़ी साजिश करार दिया।

उन्होंने कहा कि जिस दीप सिधु ने लाल किले पर एक धर्म का झंडा फहराकर खुलेआम भारी पुलिस बल के होते हुए अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई, और उसके साथियों ने झंडा फहराया है, बावजूद इसके सरकार का उस पर कोई कार्रवाई न करना, भाजपा की इस साजिश को बेनकाब करता है। उन्होंने कहा कि इसी दीप सिधु ने भाजपा के गुरदासपुर प्रत्याशी सन्नी दयोल के चुनाव प्रचार की कमान संभाली थी और पीएम हाउस तक में नरेन्द्र मोदी संग उनके फोटो वायरल है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।