हरियाणा में भारी बारिश का कहर, फसलें बिछने से किसान चिंतित, मंडियों में धान भीगी

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा में तीन दिन से पड़ रही भारी बारिश ने आम जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया तथा खड़ी फसलों को काफी नुक्सान पहुंचाया है। हरियाणा के कई इलाकों में फसल पानी में डूबने और तेज बारिश में बिछ जाने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। पिछले चौबीस घंटों में हरियाणा में नारनौल 196 मिमी, करनाल 153 मिमी, बादली 106 मिमी, सोनीपत 100 मिमी, नीलोखेडी 83 मिमी, रेवाडी 76 मिमी, रोहतक 144 मिमी, नूंह 144 मिमी, समालखा 72 मिमी सहित औसत से भारी बारिश हुई। पश्चिमोत्तर क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की से औसत बारिश हुई। चंडीगढ़ में पिछले चौबीस घंटों में लगातार हल्की बारिश होती रही तथा सुबह से आज बारिश की झड़ी लग गयी जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ा। चंडीगढ़ 30 मिमी,पंजाब के बठिंडा में 60 मिमी, पटियाला 44 मिमी, अमृतसर 30 मिमी,पठानकोट 33 मिमी सहित कई स्थानों पर बारिश हुई। दोनों राज्यों में धान खरीद सीजन एक अक्तूबर से शुरू होने जा रहा है लेकिन पकी फसलें खराब होने तथा भीगने से खरीद में देरी हो सकती है। वहीं मंडियों में धान की फसल भीग गई है जिससे ज्यादा नुक्सान हो सकता है।

यह भी पढ़ें:– Gurugram News: गुरुग्राम के घामड़ौज गांव के पास अरावली पहाड़ी में फूटा झरना

पंजाब में कहीं-कहीं बारिश की संभावना

मौसम केन्द्र के अनुसार हरियाणा में अगले दो दिन अनेक स्थानों पर जोरदार बारिश तथा पंजाब में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। उधर हिमाचल में मानसून ने तबाही मचा रखी है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मेघ जमकर बरसे इस दौरान जगह-जगह भूस्खलन होने की सूचना है। ताजा जानकारी के मुताबिक चंबा के होली के घरोंडा फेरनाला में बादल फटने से करीब 55 भेड़ बकरियां बह गई हैं। जानकारी के मुताबिक घरोंडा के धनी राम, दलीप चंद और जय सिंह की भेड़ बकरियां बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। भारी बारिश के चलते फेर नाले में बाढ़ आई जिससे जानमाल का भारी नुकसान हुआ है।

हिमाचल में भूस्खलन

राजधानी शिमला में बीते दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। जिससे शहर में अब भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही है। शुक्रवार सुबह ही टूटीकंडी खलीनी नेशनल हाईवे रामनगर के पास भूस्खलन हुआ। जिससे भारी मलबा सड़क पर आ गया, जिसके चलते वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई। भूस्खलन के दौरान सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां मलबे की चपेट में आ गई। करीब तीन गाड़ियों की मलबे के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। भूस्खलन के बाद सड़क के दोनों ओर से गाड़ियों की लंबी कतारें लगी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मलबे को हटाने का कार्य शुरू किया गया। टूटीकंडी खलीनी नेशनल हाईवे पर हुए भूस्खलन से जाम लग गया। जिस कारण एक एम्बुलेंस भी सड़क पर फंस गई. एक महिला मरीज रामनगर में एम्बुलेंस का इंतजार करती रही। जिसके बाद महिला को जाम होने के कारण एम्बुलेंस तक ले जाया गया और आईजीएमसी पहुंचाया गया। लोक निर्माण विभाग द्वारा मलबा हटाने के लिए जेसीबी लगाई गई हैं। करीब दो घंटे से सड़क बंद है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।