राजपथ की रखवाली करेगा आईटीबीपी का विशेष ‘डॉग स्क्वायड’

dog squad

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। गणतंत्र दिवस पर राजपथ की सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद बनाने के लिए भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के विशेष ‘डॉग स्क्वायड’ के-9 को तैनात किया गया है। आईटीबीपी के प्रवक्ता ने आज बताया कि बल का के-9 दस्ता दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर इंडिया गेट और राजपथ के साथ-साथ संबंधित क्षेत्रों की कड़ी निगरानी कर रहा है। आईटीबीपी के ये विशेष रूप से प्रशिक्षित श्वान दिल्ली पुलिस के साथ पिछले कई वर्षों से बड़े आयोजनों में सुरक्षा के लिए इस्तेमाल किये जाते रहे हैं।

इस दस्ते की विश्वसनीयता अद्वितीय रही है और आईटीबीपी दिल्ली पुलिस को कई मौकों पर अपने के-9 डॉग स्क्वाड की सेवाएँ उपलब्ध करवाती रही है। आईटीबीपी सभी केन्द्रीय पुलिस बलों में सबसे ज्यादा के-9 श्वान सेवाएँ प्रदान करने वाला बल है। कई विशेष मौकों जैसे विदेशी राजनयिकों और राष्ट्राध्यक्षों की यात्रा के समय भी इन श्वानों को सुरक्षा के लिए तैनात किया जाता है।

गणतंत्र दिवस पर दुनिया देखेगी राफेल का दम

गौरतलब हैं कि भारतीय वायु सेना का ब्रह्मास्त्र राफेल लड़ाकू विमान गणतंत्र दिवस पर राजपथ पर पहली बार गर्जन कर अपनी ताकत और क्षमता का प्रदर्शन करेगा। वायु सेना फ्रांस से खरीदे गये पांचवीं पीढी के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान राफेल को पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में उतार रही है और यह इस वर्ष की परेड का मुख्य आकर्षण रहेगा। गणतंत्र दिवस पर दो राफेल राजपथ पर अपने जौहर दिखायेंगे। यह पहला मौका है जब राफेल राजपथ पर वर्टिकल चार्ली मुद्रा में अपने जौहर दिखाते हुए सलामी देगा।

इसके अलावा राफेल विमान एकलव्य फार्मेशन में भी जगुआर तथा मिग-29 लड़ाकू विमानों के साथ अपनी करतबबाजी करता दिखाई देगा। वायु सेना ने फ्रांस से 36 राफेल विमान खरीद का सौदा किया है जिसमें से आठ विमानों की आपूर्ति हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा सुखोई लड़ाकू विमान भी अब अपने करतबों का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही ध्रुव, रूद्र और एमआई -17 के साथ साथ अत्याधुनिक लड़ाकू हेलिकॉप्टर अपाचे तथा हैवीवेट हेलिकॉप्टर चिनूक भी अपनी ताकत तथा जौहर दिखायेंगे।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।