Weather Update: शीत लहर से कब मिलेगी राहत, मौसम विभाग ने दी जानकारी, जानें आने वाले दिनों के मौसम का हाल

Published On

Weather Update: सच कहूँ/संदीप सिंहमार हिसार। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण दो दिनों तक हरियाणा, पंजाब, राजस्थान व दिल्ली में बारिश होने के बाद अब भारत मौसम विभाग ने शीत लहर का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले दो दिनों के दौरान हरियाणा व राजस्थान के इलाकों में बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं जिन इलाकों में सिर्फ बारिश हुई है, वहां गेहूँ व सरसों की फसलों को फायदा भी हुआ है। आईएमडी के चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम बुलेटिन के अनुसार अब हरियाणा व पंजाब में 3 जनवरी तक शीत लहर चलने की संभावना है।

इस दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान औसतन रूप से 12 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस बना रहा। न्यूनतम व अधिकतम तापमान के बीच नाममात्र का अंतर रहने के कारण दिन के समय ठिठुरन का ज्यादा अहसास किया गया। मौसम बुलेटिन के अनुसार आने वाले दिनों में पहाड़ों की तरफ से चलने वाली बफीर्ली हवाओं के कारण मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ेगी। देश की राजधानी दिल्ली में भी बारिश से ठिठुरन बढ़ गई। शुक्रवार सुबह से शनिवार तक रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा।

इंड्यूस्ड साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर | Weather Update

इंड्यूस्ड साइक्लोनिक सर्कुलेशन दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में बना हुआ है। वहीं एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पंजाब में भी सक्रिय है। एक ट्रफ रेखा पूर्व-मध्य अरब सागर से उत्तर पंजाब में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण तक फैली हुई है, जो दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के प्रेरित चक्रवातीय परिसंचरण से गुजर रही है।इसी प्रकार दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के पास, दक्षिण आंध्र प्रदेश और उत्तर तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। दिसंबर के महीने में बारिश आने की वजह यही मौसमी हलचल है।पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर राजस्थान, दिल्ली, और हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। शेष पंजाब, उत्तराखंड,पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में हल्की बारिश दर्ज की गई है।

अगले 24 घंटों के दौरान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ कुछ जगहों पर भारी बर्फबारी संभव है। वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। इन दोनों राज्यों में बर्फबारी से हरियाणा, पंजाब,व दिल्ली में ठंड बढ़ेगी।

About The Author

Related Posts