हमसे जुड़े

Follow us

33.5 C
Chandigarh
Friday, April 17, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी मामौर गांव मे...

    मामौर गांव में पुलिस व पीएसी बल ने निकाला पैदल मार्च

    Kairana
    Kairana मामौर गांव में पुलिस व पीएसी बल ने निकाला पैदल मार्च

    कैराना। पुलिस क्षेत्राधिकारी श्यामसिंह व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कानून-व्यवस्था के मद्देनजर पीएसी बल के साथ गांव मामौर में पैदल मार्च निकालकर ग्रामीणों को सुरक्षा का अहसास कराया। विगत दिनों बघरा आश्रम के यशवीर महाराज ने हरियाणा के किसान देवेन्द्र हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्यवाही न होने पर मामौर में हिन्दू समाज के लोगो के साथ महापंचायत व धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी।

    विगत 16 जून को हरियाणा के जनपद पानीपत के सनौली खुर्द थानाक्षेत्र के गांव कुराड़ निवासी किसान देवेंद्र की चाकुओं से गोदने के बाद गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। मृतक के पुत्र रोहित ने गांव मामौर निवासी नदीम, शोबान व फरमान के खिलाफ स्थानीय कोतवाली पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए हत्यारोपी फरमान व नदीम को घटना वाले दिन शाम को ही गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी नदीम को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। जबकि तीसरा आरोपी शोबान पुलिस अभिरक्षा में मेरठ के एक अस्पताल में उपचाराधीन था, जिसे गुरुवार को हत्या में प्रयुक्त तमंचे व छुरी के साथ में गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया।

    विगत 20 जून को जनपद मुजफ्फरनगर के बघरा आश्रम के यशवीर महाराज ने देवेन्द्र के हत्यारोपियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्यवाही किये जाने की मांग की थी। साथ ही, मांग पूरी न होने पर 27 जून को हिंदू समाज के लोगो के साथ में गांव मामौर में महापंचायत व धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। यशवीर महाराज की चेतावनी से पुलिस-प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए थे। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध रासुका व गैंगस्टर के तहत कार्यवाही किये जाने का आश्वासन दिया था, जिस पर यशवीर महाराज ने महापंचायत व धरना-प्रदर्शन टालने की घोषणा कर दी थी। हालांकि यशवीर महाराज के महापंचायत टालने की घोषणा के बावजूद भी पुलिस-प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा था। इसी क्रम में शुक्रवार को सीओ श्यामसिंह व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस व पीएसी बल के साथ में एतिहातन गांव मामौर में पैदल मार्च किया। पुलिस ने गांव की गलियों में घूमकर ग्रामीणों को सुरक्षा का अहसास कराया। साथ ही, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देकर पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कानून-व्यवस्था व सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस व पीएसी बल के साथ में गांव मामौर में पैदल मार्च किया गया है।