मुकेश अंबानी के नेतृत्व में 20 वर्षों में 20 गुना बढ़ा रिलायंस का मुनाफा

Reliance profit increased 20 times in 20 years

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। अरबपति उद्योगपति मुकेश अंबानी 20 साल पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक बने थे और उनके नेतृत्व में इन 20 वर्षों में कंपनी को मुनाफा भी 20 गुना बढ़ा है। मुकेश अंबानी के रिलायंस की कमान संभालते ही सफलता के झंडे गाड़ने का जो सिलसिला शुरू हुआ ता वह आज तक जारी है। मुकेश अंबानी की अगुवाई में, पिछले दो दशकों में कंपनी ने राजस्व, लाभ के साथ-साथ बाजार पूंजीकरण में लगातार दो अंकों की वृद्धि दर हासिल की है। इस दौरान कंपनी का बाजार पूंजीकरण 42 गुना बढा तो लाभ में करीब 20 गुना की वृद्धि हुई है।

यह भी पढ़ें:– कड़ाके की ठंड से ठिठुरते लोगों को धूप ने दिलाई राहत

दुनिया भर की बड़ी से बड़ी कंपनियों का निवेश रिलायंस को मिला

मुकेश अंबानी केवल रिलायंस की कायापलट के ही नायक नही हैं, उनके नेतृत्व में 20 वर्षों में निवेशकों ने भी खूब कमाये हैं। 87 हजार करोड़ प्रति वर्ष की दर से निवेशकों की झोली में 17.4 लाख करोड़ रुपये आए। इस बीच दुनिया भर की बड़ी से बड़ी कंपनियों का निवेश रिलायंस को मिला जिसमें फेसबुक, गूगल और बीपी जैसी वैश्विक कंपनियां भी शामिल है। देश की सबसे बड़ी कंपनी की सफलता की कहानी के कई महत्वपूर्ण अध्याय श्री मुकेश अंबानी ने अपने हाथों से लिखे हैं। तेल से शुरू कर कंपनी ने दूरसंचार और रिटेल में कई मुकाम हासिल किए हैं। उन्होंने ही सबसे पहले डेटा को ‘न्यू-आॅयल’ कहा था। और यह बताने की जरूरत नहीं कि डेटा ने किस कदर देश के आमजन की रोजमर्रा की जिंदगी को बदल डाला है।

भारत ने पहला स्थान हासिल किया

मुकेश अंबानी ने देश ही नही दुनिया की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनियों में से एक रिलायंस जियो को खड़ा किया जिसने बहुत ही कम समय में सफलता के झंडे गाड़ दिए। जियो के आने के बाद देश ने डिजिटल वर्ल्ड में जो दौड़ लगाई उसे देख दुनिया अचंभित है। आज सबसे अधिक डिजिटल लेन देन का रिकॉर्ड भारत के नाम है। ठेले से लेकर 5स्टार होटल तक में डिजिटल पेमेंट की सुविधा है। इसके पीछे सरकार के प्रयास तो है ही किंतु रिलायंस जियो को भी इसका पूरा श्रेय जाता है। डेटा खपत में भी देश ने लंबी छलांग लगाई, 2016 में 150 वें नंबर से सबको पछाड़ते हुए दुनिया में भारत ने पहला स्थान हासिल कर लिया है।

रिटेल सेक्टर में भी रिलायंस दुनिया की दिग्गज कंपनियों को टक्कर दे रहा है। आॅनलाइन हो या आॅफलाइन, रिटेल हो या थोक मुकेश अंबानी की लीडरशिप में सबमें रिलायंस ने अपनी पकड़ मजबूत की है। अमेजन, फ्लिपकार्ट, वॉलमार्ट जैसी कंपनियां रिलायंस को अपना प्रतिद्वंदी मानती हैं। रिलायंस रिटेल ने चकाचौंध कर देने वाली स्पीड से स्टोर खोले। विश्वास नही होता किंतु पिछले साल एक दिन में करीब 7 स्टोर खोलने का रिकॉर्ड बनाया है रिलायंस रिटेल ने और राजस्व के मामले में भी वो देश की नंबर वन रिटेल कंपनी बन गई है। भविष्य की रिलायंस के लिए सपने उन्होंने अभी से बुनने शुरू कर दिए हैं। 75 हजार करोड़ रुपये के निवेश से जामनगर में न्यू एनर्जी के लिए 5 गीगा फैक्टरी लगाई जा रही हैं। सोलर एनर्जी और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे नए एनर्जी सोर्स पर भी रिलायंस तेजी से काम कर रहा है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।