Haryana School News: हरियाणा के 279 सरकारी प्राथमिक स्कूलों का बदला दर्जा, अब नए नाम से होंगे संचालित

202 स्कूल मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी प्राथमिक विद्यालय

Published On

चंडीगढ़, सच कहूँ न्यूज। Haryana School News: हरियाणा सरकार ने प्रदेश के 279 सरकारी प्राथमिक स्कूलों का दर्जा बदलने का फैसला लिया है। इनमें 202 स्कूलों को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी प्राथमिक विद्यालय और 77 स्कूलों को मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय के रूप में संचालित किया जाएगा। 

शिक्षा विभाग के इस कदम का उद्देश्य प्राथमिक शिक्षा को बेहतर बनाना और विद्यार्थियों को शुरूआती कक्षाओं से ही अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई का अवसर देना है। शिक्षा विभाग ने प्राथमिक स्कूलों को मॉडल संस्कृति, पीएमश्री और मुख्यमंत्री उत्कृष्टता स्कूलों से जोड़ने की दिशा में यह बदलाव किया है।

इनमें ऐसे स्कूल भी शामिल हैं, जो इन श्रेणियों के स्कूलों के परिसर में या उनके आसपास स्थित हैं। नए प्रावधानों के अनुसार, संबंधित स्कूलों में पहली कक्षा की पढ़ाई अंग्रेजी माध्यम में अनिवार्य रूप से कराई जाएगी। दूसरी कक्षा से आगे प्रत्येक कक्षा में हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के एक-एक सेक्शन की व्यवस्था होगी। इससे विद्यार्थियों को दोनों माध्यमों में पढ़ने का अवसर मिलेगा।

स्क्रीनिंग प्रक्रिया से होगी शिक्षकों की तैनाती

शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति और तैनाती के लिए भी प्रक्रिया निर्धारित की है। संबंधित स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती स्क्रीनिंग प्रक्रिया के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए मॉडल संस्कृति, पीएमश्री और मुख्यमंत्री उत्कृष्टता स्कूलों में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया को आधार बनाया जाएगा। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के 279 प्राथमिक स्कूलों की पहचान और शैक्षणिक व्यवस्था में बदलाव होगा।

लड़के और लड़कियां साथ पढ़ेंगे

दर्जा बदलने के बाद सभी संबंधित स्कूल सह-शिक्षा वाले स्कूलों के रूप में संचालित होंगे। यानी इनमें लड़के और लड़कियां दोनों पढ़ सकेंगे। शुल्क के मामले में भी दोनों श्रेणियों के स्कूलों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी प्राथमिक विद्यालयों में निर्धारित नियमित निधियों के अलावा विद्यार्थियों से कोई शुल्क या आर्थिक योगदान नहीं लिया जाएगा। वहीं, मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालयों में अगले शैक्षणिक सत्र से विद्यालय विकास निधि ली जाएगी।

 

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts