सीएम सैनी ने सिरसा से श्री नांदेड़ साहिब के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
सिरसा से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब के लिए चली विशेष ट्रेन
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि तीर्थयात्राएं समाज को जोड़ने का महान माध्यम होती हैं। ये यात्राएं हमारी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, अपनी संस्कृति और अपने संस्कारों से जोड़ती हैं। जब कोई श्रद्धालु तीर्थ स्थानों पर जाता है, तो वह केवल दर्शन करके नहीं लौटता, बल्कि अपने भीतर नई ऊर्जा, नई प्रेरणा और नई चेतना लेकर लौटता है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना के तहत सिरसा से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ (महाराष्ट्र) के लिए तीर्थ यात्रियों की विशेष ट्रेन की रवानगी को लेकर सिरसा में आयोजित समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्री नांदेड़ साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं में से छह: को रेल टिकट भी दिए। उन्होंने समारोह के बाद विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन में 800 से अधिक तीर्थ यात्री हरियाणा के अलग अलग हिस्सों से जा रहे है। उन्होंने ट्रेन में बैठे श्रद्धालुओं और ट्रेन लेकर जाने वाले रेलवे के अधिकारियो से भी बातचीत की। मुख्यमंत्री ने रवानगी के समय अरदास कार्यक्रम में भी शिरकत की।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि उनका सौभाग्य है कि उन्हें सिरसा की ऐतिहासिक धरा से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के लिए श्रद्धालुओं की विशेष ट्रेन को रवाना करने का अवसर मिला है। यह यात्रा श्रद्धा, आस्था और गुरु साहिबान के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी गुरु साहिबान के पावन चरणों में कोटि-कोटि नमन करते हुए और अरदास करी कि उनकी असीम कृपा सभी पर बनी रहे। मुख्यमंत्री ने सभी साध-संगत को इस मंगलमयी यात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी।
हरियाणा के लिए रेलवे से अनुबंध किया, सोमनाथ मंदिर के लिए भी जाएगी ट्रेन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरियाणा सरकार ने रेलवे विभाग के साथ विशेष अनुबंध किया है। यात्रा को आरामदायक और सुरक्षित बनाने के लिए खान-पान, सुरक्षा और अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं के विशेष प्रबंध किए गए हैं। इससे पहले 28 मार्च को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या धाम के लिए विशेष तीर्थ ट्रेन भेजी गई थी। आज श्री हुजूर साहिब, नांदेड़ के लिए दूसरी विशेष ट्रेन रवाना की है। प्रदेश के 14 जिलों से लगभग 800 श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं। पहली ट्रेन 5 मई को कुरुक्षेत्र से गई थी। सोमनाथ मंदिर, गुजरात के लिए आगामी 8 जून को विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी।
