पहली महिला बस चालक पंकज देवी अवार्ड से सम्मानित

Published On

सराहनीय : हरियाणा से सम्मानित होने वाली बस चालक पंकज देवी एकमात्र महिला थी

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा में पिछले करीब बारह सालों से बस का स्टेयरिंग थामने वाली पहली महिला बस चालक पंकजा देवी को कल दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रथम स्व. पर्रिकर अवार्ड 2019 से सम्मानित किया गया। दिल्ली टेलेंट इन इंडिया ग्रांड फिनाले के तहत उक्त कार्यक्रम का आयोजन सिविल लाइन के शाह आॅडिटोरियम में किया गया था। इस कार्यक्रम में हरियाणा से सम्मानित होने वाली बस चालक पंकज देवी एकमात्र महिला थी। कार्यक्रम में जज की भूमिका में कई जाने माने टीवी कलाकार व अन्य अधिकारी उपस्थित थे। पुरस्कार देने वाले अधिकारियों ने पंकज देवी के जज्बे की तहेदिल से सराहना की और उन्हें भविष्य में भी सरकार की ओर से पुरस्कृत व सम्मान देने का आश्वासन दिया। इससे पहले प्रदेश की पहली महिला बस चालक पंकज देवी को प्रदेश के सीएम मनोहर लाल खट्टर, सरसा लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी सुनीता दुग्गल तथा दर्जनों बार जिला प्रशासन सम्मानित कर चुका है।

पंकज देवी करीब 40 छात्राओं को भी चालक की ट्रेनिंग दे चुकी हैं

इस दौरान पंकज देवी ने कहा कि महिलाएं भी वर्तमान समय में किसी से कम नहीं हैं। जरूरत है तो बस उन्हें अपने हुनर को बाहर निकालने की। महिलाओं को पुराने ख्यालातों से बाहर आकर समय के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना चाहिए, ताकि वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें। ज्ञातव्य है कि सिरसा जिले के गांव मैहनाखेड़ा की पंकज देवी को शुरू से ही वाहन चलाने का शौक था। शुरूआत में अपने खेतों में वह ट्रैक्टर चलाती थी। इसके बाद धीरे-धीरे बस का स्टेयरिंग थामा। वर्ष 2007 से लेकर पिछले करीब 12 सालों से पंकज देवी महिला कॉलेज की बस में छात्राओं को घर से लेकर आती है और छुट्टी के बाद उन्हें वापस छोडकर आती है। बड़ी बात ये है कि बस चलाने के साथ-साथ पंकज देवी करीब 40 छात्राओं को भी चालक की ट्रेनिंग दे चुकी हैं।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts