प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड चेयरमैन ने अपनाई पैदल यात्रा

चलकर पहुंचे बोर्ड परिसर, कहा, सप्ताह में दो दिन बोर्ड परिसर में निजी वाहनों के प्रयोग पर रोक

Manmohan Picture
Published On

भिवानी (सच कहूँ/इन्द्रवेश)। प्रधानमंत्री के ईंधन बचत अभियान से प्रेरित होकर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन शर्मा ने एक सराहनीय पहल करते हुए निजी वाहन का उपयोग छोड़ पैदल ही बोर्ड परिसर पहुंचकर कर्मचारियों और अधिकारियों को भी पर्यावरण संरक्षण व ईंधन बचत का संदेश दिया। वीरवार को बोर्ड चेयरमैन के साथ अनेक अधिकारी और कर्मचारी भी अपने वाहनों को दूर खड़ा कर पदयात्रा करते हुए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर पहुंचे। Bhiwani News

इस पहल को लेकर कर्मचारियों में भी उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर डॉ. पवन शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में डीजल, पेट्रोल और गैस की बढ़ती किल्लत तथा इजराइल और ईरान युद्ध के कारण देश में कई समस्या बढ़ी हुई हैं, उन्हीं को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को ईंधन की बचत के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सप्ताह में दो दिन ऐसे निर्धारित किए हैं, जिन दिनों बोर्ड परिसर में निजी वाहनों का प्रयोग नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके देशहित में बड़ा योगदान दिया जा सकता है। यदि लोग कम दूरी के लिए पैदल चलने या साइकिल का प्रयोग करने लगें तो इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण प्रदूषण में भी कमी आएगी और स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा। बोर्ड चेयरमैन ने बोर्ड परिसर में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम लोगों से भी अपील की कि वे अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का प्रयोग न करें और अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन या पैदल चलने की आदत अपनाएं। इस पहल को लेकर बोर्ड कर्मचारियों और अधिकारियों ने भी इसे सकारात्मक कदम बताते हुए समर्थन व्यक्त किया। Bhiwani News

About The Author

Related Posts