Halwara International Airport: हलवारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एयर इंडिया के विमान ने भरी पहली उड़ान

लुधियाना-दिल्ली पहली उड़ान के साथ मालवा क्षेत्र को मिला अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव

Published On

लुधियाना (सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। Ludhiana News: पंजाब के लोगों का लंबे समय से चल रहा सपना उस समय आखिरकार साकार हो गया, जब हलवारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली वाणिज्यिक उड़ान ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी। सुबह दिल्ली से आई पहली उड़ान 120 यात्रियों को लेकर हलवारा पहुंची, जबकि कुछ ही समय बाद लुधियाना से दिल्ली के लिए पहली उड़ान ने करीब 100 यात्रियों के साथ रवाना हुई। इस नए हवाई अड्डे के संचालन से लुधियाना सहित पूरे मालवा क्षेत्र को बड़ा आर्थिक और वाणिज्यिक लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

अब दिल्ली जाने के लिए लोगों को 5 से 6 घंटे का सड़क सफर नहीं करना पड़ेगा, बल्कि केवल करीब ढाई घंटे में दिल्ली पहुंचा जा सकेगा। लुधियाना को पंजाब का औद्योगिक दिल माना जाता है। होजरी, साइकिल, मशीनरी और आॅटो पुर्जा उद्योग के लिए प्रसिद्ध इस शहर को अब सीधे हवाई संपर्क मिलने से देश-विदेश के कारोबारियों के लिए आवागमन आसान होगा। विशेषज्ञों के अनुसार इससे निवेश, निर्यात और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

हलवारा हवाई अड्डे का रनवे इतना विशाल है कि यहाँ एयरबस ए-321 और बोइंग-737 जैसे बड़े जहाज भी आसानी से उतर सकते हैं। हवाई अड्डे पर आधुनिक इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग प्रणाली और कैट-2 नेविगेशन सुविधाएं लगाई गई हैं, जिससे धुंध या खराब मौसम में भी जहाजों की आवाजाही सुरक्षित रहेगी।

मोगा, बरनाला, फिरोजपुर सहित कई जिलों के लोगों को होगा फायदा

एयर इंडिया द्वारा दिल्ली-हलवारा रूट पर रोजाना दो उड़ानें संचालित की जाएंगी। वहीं अगर किराया की बात करें तो आर्थिक श्रेणी का किराया 4 से 5 हजार रुपये के बीच रहेगा। पहले दिल्ली हवाई अड्डे तक टैक्सी या बस के माध्यम से जाने में अधिक समय और खर्च लगता था। मोगा, बरनाला, फिरोजपुर, संगरूर और बठिंडा सहित कई जिलों के लोग अब चंडीगढ़ या दिल्ली के हवाई अड्डों पर निर्भर नहीं रहेंगे। उद्योगपतियों का मानना है कि हलवारा हवाई अड्डा मालवा क्षेत्र के लिए विकास, निवेश और अंतरराष्ट्रीय संपर्क का नया दरवाजा साबित होगा।

Ludhiana News

About The Author

Related Posts