शिक्षा और रोजगार
IMD Weather Alert: कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, इस जगह पारा माइनस में
हरियाणा-पंजाब में तेज हवाएं; गुलमर्ग-पहलगाम में पारा माइनस 0.4 और माइनस 0.3 डिग्री सेल्सियस
Weather Alert: चंडीगढ़/हिसार (संदीप सिंहमार)। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में गहरा रहे ‘बहुत भीषण चक्रवाती तूफान’ और एक्टिव हो रहे वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते देश के एक बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए देश के कई राज्यों में तेज हवाओं और बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
अलर्ट को देखते हुए संबंधित राज्यों की सरकारों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव के चलते हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश व बूंदाबांदी होने की संभावना है।
दक्षिण-पूर्व अरब सागर और केरल तट के पास बने कम दबाव के क्षेत्र तथा बंगाल की खाड़ी के चक्रवात के संयुक्त प्रभाव से दक्षिण भारत में भीषण बारिश का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश में 27 और 28 अक्तूबर को अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसी प्रकार ओडिशा और तेलंगाना में 28 अक्तूबर को भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, माहे व लक्षद्वीप में 26 से 27 अक्तूबर के दौरान भारी बारिश के साथ 30-40 किमी/घंटे की गति से सतही हवाएं चलने की संभावना है।
गुलमर्ग और पहलगाम में माइनस में पहुंचा रात का तापमान।
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और पहलगाम में रविवार को न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया। राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया, ‘‘इस सीजन में पहली बार, गुलमर्ग और पहलगाम में न्यूनतम तापमान क्रमश: माइनस 0.4 और माइनस 0.3 डिग्री सेल्सियस पर फ्रीजिंग पॉइंट से नीचे चला गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर शहर में आज न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस, जम्मू शहर में 14.1, कटरा में 12, बटोटे में 9.8 और भद्रवाह में 2.8 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग ने इस महीने के आखिर तक आम तौर पर सूखे मौसम का अनुमान लगाया है, हालांकि 28 अक्तूबर तक कुछ जगहों पर थोड़ी बारिश हो सकती है।

Comments