घर में घुसकर मारपीट व महिला को जबरन ले जाने का आरोप
नोहर पुलिस ने शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। Hanumangarh Crime News: घर में घुसकर मारपीट करने, महिला को जबरन ले जाने और नकदी-जेवरात ले जाने का मामला सामने आया है। नोहर थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, नोहर के वार्ड नम्बर 29 की निवासी गिरदावरी (45) पत्नी ज्ञानचंद भार्गव ने थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि 26 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर थी। इसी दौरान एक बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आरोपी पप्पूराम पुत्र हरिराम, शिवलाल पुत्र हरिराम भार्गव, आशीष निवासी रिड़ी तहसील इंद्रगढ़ तथा 7-8 अन्य व्यक्ति हथियारनुमा वस्तुएं लेकर घर में घुस आए।
आरोप है कि आरोपियों ने प्रार्थीया के पति ज्ञानचंद, पुत्र धोलूराम तथा स्वयं गिरदावरी के साथ मारपीट की। इस दौरान लक्ष्मी के पैर में ईंट मारकर चोट पहुंचाई गई। इसके बाद आरोपी प्रार्थीया की पुत्रवधू सुमन को जबरन अपने साथ ले गए। जाते समय आरोपियों ने घर में रखे गहने व नकदी भी ले जाने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। शोर मचाने पर पड़ोसी ज्योति व प्रियंका मौके पर पहुंची, तब आरोपी हंगामा करते हुए फरार हो गए। पीड़िता ने अपने पुत्र के साथ थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई धूपसिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।