राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान प्रशासन ने किया वर्ल्ड हैंड हाइजीन डे पर स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
अस्पताल में भर्ती रोगियों तथा उनके परिजनों को स्वच्छता के प्रति सजग करना कार्यक्रम का उद्देश्य
जयपुर। जयपुर स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के चिकित्सालय प्रशासन द्वारा ‘विश्व हस्त स्वच्छता दिवस’ के उपलक्ष्य में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पताल में भर्ती रोगियों तथा उनके परिजनों को स्वच्छता के प्रति सजग करना था। कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग अधिकारियों ने हाथों की स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सही विधि से हाथ धोने के सात चरणों की जानकारी दी। Jaipur News
उन्होंने बताया कि नियमित रूप से हाथों की सफाई करने से संक्रमण के प्रसार को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है। इस अवसर पर विभिन्न वार्डों में जाकर रोगियों को व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने और समय-समय पर हाथ धोने की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही चिकित्सालय के कर्मचारियों, भोजनालय कर्मियों तथा अन्य विभागों के कर्मचारियों को भी स्वच्छता मानकों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
अस्पताल अधीक्षक प्रो. उदयराज सरोज ने बताया कि संस्थान में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ, सफाई कर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, ताकि वे स्वच्छता संबंधी मानकों का पूर्ण रूप से पालन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि रोगियों को भी स्वच्छता के प्रति निरंतर जागरूक करना आवश्यक है।
आवासीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. आभा सिंह ने कहा कि रोगियों के उत्तम स्वास्थ्य के लिए स्वच्छ वातावरण अत्यंत आवश्यक है। अस्पताल प्रशासन द्वारा संक्रमण की रोकथाम हेतु सभी आवश्यक उपाय अपनाए जा रहे हैं तथा समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। Jaipur News
About The Author