Rajasthan Weather Update: हनुमानगढ़ की सड़कों पर पसरा सन्नाटा, सामने आई ये बड़ी वजह!

लू के थपेड़ों से झुलसा जनजीवन, गर्मी के तीखे तेवर, पारा 44 डिग्री पहुंचा

Manmohan Picture
Published On

Rajasthan Weather Update: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। जिले में गर्मी अब अपने चरम की ओर बढ़ रही है। सोमवार को तापमान में अचानक उछाल दर्ज होने के साथ ही हनुमानगढ़ का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। आसमान से बरसती आग और तेज धूप ने आमजन का जनजीवन प्रभावित कर दिया। सुबह से ही तेज धूप का असर दिखाई देने लगा और दोपहर होते-होते गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया। दिनभर चली गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों का सबसे ज्यादा असर दुपहिया वाहन चालकों, मजदूर वर्ग, रेहड़ी-पटरी व्यापारियों और खुले में काम करने वाले लोगों पर देखने को मिला। Hanumangarh Heatwave News

दोपहर के समय शहर की सड़कों पर आवाजाही कम हो गई और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ नजर आई। गर्मी का असर केवल लोगों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि पशु-पक्षी भी बेहाल दिखाई दिए। सार्वजनिक स्थानों, पेयजल केन्द्रों और छांव वाले क्षेत्रों में लोगों की भीड़ बढ़ती नजर आई। अस्पतालों में भी गर्मी से जुड़ी समस्याओं को लेकर लोग परामर्श लेते देखे गए। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।

पिछले 24 घंटों में राज्य का सर्वाधिक तापमान बाड़मेर में 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों तथा दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं हीटवेव (लू) की स्थिति बनने के संकेत हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग ने पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान में आगामी 4 से 5 दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी सतही हवाएं चलने की संभावना जताई है।

इससे तापमान में और बढ़ोतरी तथा गर्मी के असर के तेज होने की आशंका है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने, सिर ढककर रखने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। मौसम विभाग के संकेतों को देखते हुए आने वाले दिनों में हनुमानगढ़ जिले में गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है। Hanumangarh Heatwave News

About The Author

Ad Ad

Related Posts