‘किसमें कितना है दम’ में विवेक ने मारी बाजी, बेटियों ने भी बढ़ाया मान, गांव में पहुंचने पर हुआ स्वागत

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

हनुमानगढ़। ‘किसमें कितना है दम’ सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में ग्राम पंचायत पन्नीवाली के प्रतिभाशाली विद्यार्थी विवेक जोशी ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर गांव, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। डीडी पंजाबी की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में विवेक ने तहसील, जिला और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पूरे देश में एकमात्र विजेता बनने पर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों ने इसे गौरव का क्षण बताया। गांव की बेटियों ने भी शिक्षा के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 10 की छात्रा शहनाज ने 79.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं प्रतिज्ञा ने 79 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त कर गांव का मान बढ़ाया।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर मंगलवार को ग्राम पंचायत स्तर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विवेक जोशी, शहनाज और प्रतिज्ञा को डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भेंट कर व गुलाल लगाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर पंचायत प्रशासक सोनू चोपड़ा ने कहा कि यह पूरे गांव के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता को उनकी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम बताते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास सच्चे हों, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। उन्होंने विद्यार्थियों के माता-पिता और गुरुजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही यह उपलब्धि संभव हो पाई है। कार्यक्रम में वार्ड पंच समेस्ता गोदारा, एएनएम विजेता सहू, ओमप्रकाश जोशी, एसएसएमसी सदस्य दयाराम गोदारा, कश्मीर सिंह, जफर अली, वीरपाल कौर, कृष्णलाल यादव, इमीलाल सुथार, जरीना, परमजीत कौर, लाजवंती वर्मा सहित कई गणमान्य ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

About The Author

Related Posts