कण्डेला के युवक की रुड़की में सड़क हादसे में मौत, कोहराम

चचेरे भाई के साथ में बाइक से गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहा था युवक गौरव

Sarvesh Kumar Picture
Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गांव कण्डेला के युवक की उत्तराखंड के रुड़की में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गम्भीर रूप से घायल हुआ है। दोनों युवक बाइक से हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। हादसे में युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।

ब्लॉक क्षेत्र के गांव कण्डेला निवासी गौरव(23) विगत शनिवार शाम अपने चचेरे भाई शुभम के साथ में बाइक से गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहा था। बाइक को शुभम ड्राइव कर रहा था, जबकि गौरव पीछे बैठा था। बताया गया है कि रात्रि करीब साढ़े दस बजे जैसे ही वह मंगलौर के निकट पहुंचे, तभी उनकी बाइक सड़क पार कर रहे पैदल व्यक्ति से टकराकर अनियंत्रित हो गई, जिससे बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गम्भीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को एम्बुलेंस के द्वारा रुड़की स्थित सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने गम्भीर रूप से घायल युवक गौरव को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर मृतक व घायल युवक के परिजन भी रोते-बिलखते हुए अस्पताल में पहुंच गए।

पुलिस ने मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के पश्चात परिजनों के सुपुर्द कर दिया। रविवार को मृतक युवक गौरव का शव गांव में पहुंचते ही परिजनों में हाहाकार मच गया। जवान युवक की मौत से परिजनों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा। बाद में गमगीन माहौल में युवक के शव का गांव में स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक युवक तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था, जिसमें बहन विवाहित है, जबकि उसका छोटा भाई अविवाहित है। मृतक युवक स्वयं भी अविवाहित था। युवक के पिता राजू की भी पूर्व में मौत हो चुकी है। हादसे में गम्भीर रूप से घायल युवक शुभम का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Kairana News

About The Author

Related Posts