मीरापुर थाने में नवनिर्मित सुविधाओं का एसएसपी ने किया उद्घाटन

Published On

मीरापुर (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। Mirapur News: थाना परिसर मीरापुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल तथा क्षेत्राधिकारी जानसठ रूपाली राव ने संयुक्त रूप से नवनिर्मित सुविधाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर थाने में बनाए गए कम्प्यूटर लैब, रसोई, भोजनालय कक्ष, वात्सल्य रूम, ई-मालखाना और आरक्षियों के लिए आदर्श बैरक का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने थाने के विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया और व्यवस्थाओं की सराहना की। Mirapur News

इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मीरापुर थाने के कायाकल्प और आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए सरकार द्वारा लगभग 12 लाख रुपये की धनराशि खर्च की गई है। उन्होंने कहा कि इन नई व्यवस्थाओं से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और जनता को भी पुलिस सेवाएं अधिक सुचारु रूप से उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारियों को भी आमंत्रित किया गया। उन्हें संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने आप को कभी भी उपेक्षित या हताश न समझें। वे पूरी ऊर्जा और अनुभव के साथ अधिकारियों के संपर्क में रहें और यदि कोई समस्या हो तो उसे अवश्य साझा करें, ताकि उसका समाधान कराया जा सके।

इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारी शिव कुमार शर्मा ने अपने मकान पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत अधिकारियों के सामने रखी, जबकि रविदत्त शर्मा ने पेंशन न मिलने की समस्या बताई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। इसके अलावा चौकीदारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चौकीदार पुलिस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। वे अपने-अपने गांव में सतर्क रहकर किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। जो चौकीदार अच्छा कार्य करेगा, उसे जनपद स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। मिशन शक्ति के तहत महिला पुलिसकर्मियों को भी निर्देश दिए गए कि वे महिलाओं को समय-समय पर कानूनी अधिकारों और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दें। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने चौकीदारों और मीरापुर थाने के प्रधान लिपिक राहुल कृष्णात्रेय को नगद धनराशि देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी राजीव शर्मा सहित अन्य थानों की पुलिस भी मौजूद रही। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के थाने पहुंचने पर मीरापुर पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर की गई।

यह भी पढ़ें:– आप’ सरकार ने केवल चार वर्षों में मेरिट के आधार पर बिना रिश्वत के 65,264 सरकारी नौकरियाँ दीं: मुख्यमंत्री भगवंत मान

About The Author

Related Posts