महिलाओं को जोड़ना ही प्राथमिकता : सुलोचना बावरी
President of Mahila Congress Committee: हनुमानगढ़। कांग्रेस ने महिला कांग्रेस में कुछ नियुक्तियां की हैं। इनमें हनुमानगढ़ जिला महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पद पर सुलोचना बावरी को जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने बताया कि पार्टी ने निष्ठावान कार्यकर्ता को जिम्मेदारी है, इससे उम्मीद है कि सुलोचना बावरी महिलाओं को एकजुट करेंगी और संगठन की मजबूती में अपना योगदान देंगी। हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर सेक्टर 6 की रहने वाली सुलोचना बावरी वैचारिक रूप से कांग्रेसी हैं। उनका पूरा परिवार ही कांग्रेसी विचारधारा से ओतप्रोत है। Hanumangarh News
सुलोचना लम्बे अरसे से कांग्रेस की सक्रिय राजनीति में हैं। उन्होंने तत्कालीन टिब्बी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस टिकट के लिए भी दावेदारी जताई थी। वे बावरी समाज में भी पूरा दखल रखती हैं। लिहाजा, राजस्थान बावरी समाज विकास संस्था की भी अध्यक्ष हैं। सुलोचना बावरी के पति हंसराज पंवार राजकीय सेवा में हैं। इनकी दो संतान हैं, एक बेटा और एक बेटी। राजनीति में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है। अंडर ग्रेजुएट सुलोचना बावरी के महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनने से बावरी समाज में खुशी की लहर है।
महिला कांग्रेस की हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष नियुक्त होने पर सुलोचना बावरी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, इसके लिए वे पार्टी नेताओं का आभार प्रकट करती हैं। उन्होंने जिस उम्मीद से यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने के लिए भरसक प्रयास किया जाएगा। अधिकाधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए वे जिले भर में जाकर महिलाओं को एकजुट करने का काम करेंगी। सुलोचना ने कहा कि कांग्रेस ही देश के सभी वर्गांे को एकजुट रख सकती है। यह संदेश घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास करूंगी। Hanumangarh News