मुख्यमंत्री सचिवालय में सहायक के माता-पिता की नृशंस हत्या

Crime

खून से लथपथ मिले वृद्ध दंपत्ति के शव

  • पुलिस हत्यारों का सुराग लगाने में जुटी

रांची (एजेंसी)। झारखंड में पलामू जिला मुख्यालय स्थित टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंड मुहल्ला में रहने वाले दंपत्ति की अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी। मृतक दंपत्ति के पुत्र अरविंद कुमार पूर्व में सीएम सचिवालय में सहायक के रूप में कार्यरत थे। पुलिस सूत्रों ने वीरवार को बताया कि अपराधियों ने उनके घर में घुसकर हत्या कर दी। अरविंद कुमार के पिता 75 वर्षीय रिटायर फौजी राजेश्वर चंद्रवंशी और 70 वर्षीय शर्मिला देवी की हत्या की जानकारी लोगों को वीरवार सुबह मिली और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। दोनों का शव अलग-अलग कमरे में बरामद किया गया। बुजुर्ग की लाश उनके कमरे में पड़ी थी, जबकि उनकी पत्नी का शव किचन में पड़ा था। दोनों शव खून से लथपथ पड़े थे। देखने से स्पष्ट हो रहा था कि उनकी हत्या किसी तेज धारदार हथियार से वार कर की गई है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। बताया गया है कि बुधवार की रात राजेश्वर और उनकी पत्नी खाना खाकर घर में सो गये थे। वीरवार की सुबह जब गार्ड उनके घर पहुंचा, तो दरवाजा दोनों तरफ से बंद था। किसी तरह से झांक कर देखा तो दोनों का शव अंदर कमरे में पड़ा मिला। इसकी जानकारी उसने आसपास के लोगों और पुलिस को दो दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। छानबीन में डॉग स्क्वायड की टीम की भी मदद ली जा रही है। दंपत्ति की हत्या किसने की और क्यों, अब तक इसके पीछे का सही वजह सामने नहीं आया है। वरीय पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर जांच की दिशा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।