नई दिल्ली। देश में कोरोना की दूसरी सुनामी के बीच पिछले 24 घंटों में रिकार्ड साढ़े तीन लाख के करीब नए मामले सामने आये हैं। वहीं ढाई हजार से अधिक और मरीज इस महामारी की भेंट चढ़ गये हालांकि राहत की बात यह भी रही कि दो लाख से ज्यादा लोग कोरोनामुक्त भी हुए हैं। इस बीच देश में शुक्रवार को 29 लाख 01 हजार 412 व्यक्तियों को कोरोना का टीका लगाया गया तथा अब तक 13 करोड़ 83 लाख 79 हजार 832 लोगों को टीकाकरण किया जा चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देश में 3,46,786 नये मामले आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर एक करोड़ 66 लाख 10 हजार 481 हो गया। दूसरी तरफ रिकॉर्ड 2,19,838 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं जिसे मिलाकर अब तक एक करोड़ 38 लाख 67 हजार 997 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। इस दौरान सक्रिय मामलों में लगातार बढ़ोतरी से इनकी संख्या 25,52,940 हो गयी है। इसी अवधि में 2624 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 1,89,544 हो गया है।
देश में रिकवरी दर घटकर 83.49 और सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 15.37 फीसदी हो गयी है , जबकि मृत्युदर कम होकर 1.14 फीसदी रह गई है। इस भयावह दौर के बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लयूएचओ) का डराने वाला बयान आया है। डब्ल्यूएचओ इमरजेंसी के डायरेक्टर माइक रयान का कहना है कि भारत में कोरोना ट्रांसमिशन यानि एक दूसरे की वजह से कोरोना का प्रसार रोकना बेहद कठिन काम है। लेकिन हमें संक्रमण रोकने के लिए हर प्रयास करते रहना चाहिए। भारत सरकार भी इसके लिए प्रतिबद्ध है।
राज्य सक्रिय मामले कुल मौतें
- महाराष्ट्र 6,93,632 63,252
- केरल 1,79,311 5055
- कर्नाटक 2,14,330 14,075
- दिल्ली 92,029 13,541
- तेलंगाना 58,148 1961
- आंध्र प्रदेश 74,231 7579
- तमिलनाडु 95,048 13,395
- उत्तर प्रदेश 2,73,653 10,737
- छत्तीसगढ़ 1,23,479 6893
- मध्य प्रदेश 87,640 4937
- पंजाब 43,943 8264
- गुजरात 1,00,128 6019
- हरियाणा 64,047 3643
- पश्चिम बंगाल 74,737 10,825
- बिहार 76,420 2010
अन्य राज्यों में कितने मौतें
कोरोना महामारी से अब तक राजस्थान में 3453, जम्मू-कश्मीर में 2111, उत्तराखंड में 2021, ओडिशा में 1973, झारखंड में 1778, हिमाचल प्रदेश में 1280, असम में 1172, गोवा में 976, पुड्डुचेरी में 728, चंडीगढ़ में 430, त्रिपुरा में 394, मणिपुर में 381, मेघालय में 157, सिक्किम में 137, लद्दाख में 135, नागालैंड में 94, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 65, अरुणाचल प्रदेश में 56, मिजोरम में 12, दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में चार तथा लक्षद्वीप में एक व्यक्ति की मौत हुई है।
मराठवाड़ा में कोरोना के 8093 नये मामले, 173 लोगों की मौत
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 8093 नये मामले सामने आये और 173 मरीजों की मौत हो गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सभी जिला मुख्यालयों से एकत्र किए गए विवरण के मुताबिक क्षेत्र के आठ जिलों में से नांदेड़ और बीड लातूर सबसे अधिक प्रभावित रहे , जहां संक्रमण के 1210-1210 नये मामले सामने आये और 28-28 व्यक्तियों की मौत हो गई।
इसके बाद औरंगाबाद में 1496 नये मामले दर्ज किए गये और 27 व्यक्ति की मौत हुई जबकि लातूर में 1478 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई और 26 मरीज अपनी जान गंवा बैठे। परभणी में 943 नये मामले सामने आये और 25 मरीजों की मौत हुई। इसी प्रकार जालना में 809 नये मामले और 16 लोगों की मौत, उस्मानाबाद में 719 नये मामले और 16 मरीजों की मौत हुई वहीं हिंगोली में 216 नये मामले दर्ज किये गये जबकि सात संक्रमितों की मौत हो गयी।
कोविड केयर सेंटर से दो कैदी फरार, चार पुलिसकर्मी निलंबित
महाराष्ट्र के ठाणे में टाटा अमंतरा कोविड देखभाल केंद्र में भर्ती दो कैदियों के फरार हो जाने के मामले में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कल्याण और भिवंडी के बीच स्थित कोविड देखभाल केन्द्र में कल्याण आधारवाड़ी जेल के करीब 30 कैदियों को भी उपचार के लिए रखा गया था। इनमें से दो कैदी इमारत की 15वीं मंजिल के प्रसाधन से भाग निकले, जिनकी पहचान गजिदरा जाफरी और खुर्शीद अब्दुल हमीद शेख के रूप में की गई है। उन्होंने बताया के संबंधित मामले में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने फरार कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें पकड़ने के लिए अभियान छेड़ दिया है।
अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।