हमसे जुड़े

Follow us

19.3 C
Chandigarh
Sunday, March 1, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान सहकारिता मंत्...

    सहकारिता मंत्री ने किया ‘सहकार दीपोत्सव मेला-2025’ का विधिवत शुभारम्भ

    Jaipur News
    Jaipur News: सहकारिता मंत्री ने किया ‘सहकार दीपोत्सव मेला-2025’ का विधिवत शुभारम्भ

    जयपुर में 13 से 19 अक्टूबर तक आयोजित हो रहा मेला

    • उचित दरों पर ग्रीन पटाखे एवं त्योहारी सामग्री उपलब्ध

    जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। Sahkar Deepotsav Mela: सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक ने सोमवार को जयपुर के भवानी सिंह रोड़ स्थित नवजीवन सहकारी बाजार में राजस्थान राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ (कॉनफेड) द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘सहकार दीपोत्सव मेला-2025’ का गणेश प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर विधिवत शुभारम्भ किया। यह मेला 19 अक्टूबर तक प्रातः 11 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें आमजन के लिए गुणवत्तापूर्ण ग्रीन पटाखे एवं अन्य त्योहारी सामग्री उचित दरों पर उपलब्ध करवाई गई है।

    श्री दक ने इस अवसर पर कहा कि सहकारिता गुणवत्ता का प्रतीक है। दीपावली के त्योहार पर आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिवर्ष कॉनफेड द्वारा सहकार दीपोत्सव मेले का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर उपभोक्ता संघ की अपनी एक विशेष पहचान है और लोग इस पर भरोसा करते हैं। सहकारिता विभाग ‘सहकार से समृद्धि’ की दिशा में कार्य करता है और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर हमारा खास फोकस रहता है। उन्होंने बताया कि मेले में एमएमटीसी के चांदी के सिक्के भी उचित मूल्य पर उपभोक्ताओं को उपलब्ध करवाये जा रहे हैं। मेले के प्रति लोगों का रिस्पॉन्स देखते हुए उम्मीद है कि पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक बिक्री होगी। Jaipur News

    सहकारिता मंत्री ने मेले में लगी सभी स्टॉल्स का अवलोकन कर बिक्री के लिए लाये गए उत्पादों तथा उन पर दी जा रही छूट के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और मेले में सुरक्षा एवं अग्निशमन संबंधी आवश्यक सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    मेले का मुख्य आकर्षण शिवकाशी (तमिलनाडू) के ग्रीन पटाखे हैं, जिन पर 55 प्रतिशत तक डिस्काउंट दिया जा रहा है। मेले में डिमांड के अनुरूप पटाखों की उपलबधता सुनिश्चित की जा रही है। सहकार दीपोत्सव मेले में जयपुरवासियों के लिए खुले व गिफ्ट पैक में ग्रीन पटाखे, बर्तन, सजावटी फ्लॉवर, डिजाइनदार कैंडल्स, बेडशीट्स के साथ ही पूजन सामग्री भी उपलब्ध करवाई गई है। इसके अतिरिक्त, सूखे मेवे के उपहार पैक, नमकीन, परिधान और हाउस होल्ड सामान भी उपलब्ध है। साथ ही, मिलेट उत्पादों का आउटलेट भी दीपोत्सव मेले में लगाया गया है।

    इस अवसर पर विधायक श्री हमीर सिंह भायल, सहकारिता विभाग की प्रमुख शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां श्रीमती मंजू राजपाल, कॉनफेड की प्रबंध निदेशक श्रीमती शिल्पी पांडे सहित सहकारिता विभाग व उपभोक्ता संघ के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। Jaipur News

    यह भी पढ़ें:– खैर से लदी इनोवा कार को फॉरेस्ट स्टाफ ने फिर से किया काबू