किशोरी से सामूहिक दुराचार मामले में न्याय के लिए भटक रहा पीड़िता का परिवार

Gurugram News
Sanketik Photo

आरोपी पक्ष से बताया जान को खतरा, कार्रवाई की गुहार

हनुमानगढ़। किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में पीड़िता का परिवार न्याय के लिए भटक रहा है। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पीड़िता के पिता ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ ईंट भट्ठा पर रहकर दिहाड़ी-मजदूरी करता है। Hanumangarh News

दसवीं में अध्ययनरत उसकी 16 वर्षीय पुत्री को स्कूल आते-जाते समय कुलदीप सिंह उर्फ जास पुत्र कालासिंह व कुलदीप सिंह दोनों निवासी गाहडू छेड़ते थे तथा तंग-परेशान व अश्लील इशारे करते थे। कुलदीप सिंह उर्फ जास उसकी पुत्री को जबरदस्ती उठाकर ले जाने की धमकी देता था। उसकी पुत्री ने यह बात उसे बताई। इस पर उसने इन दोनों को उनके घर जाकर उनके माता-पिता के सामने ओलमा दिया। इन दोनों के माता-पिता ने अपने लड़कों को समझाने व ऐसी गलती दोबारा नहीं करने के लिए आश्वस्त किया। लेकिन इसके बाद भी यह दोनों उसकी पुत्री को स्कूल आते-जाते समय रास्ते में जबरदस्ती रोककर छेड़छाड़, तंग-परेशान व अश्लील इशारे करते।

अर्द्धबेहोशी की हालत में उसकी पुत्री की अश्लील वीडियो बना ली

इनके साथ गगनदीप भी मिलकर उसकी पुत्री को तंग-परेशान करने लगा। 28 सितम्बर को उसकी पुत्री जैसे ही घर से निकली तो कुलदीप सिंह उर्फ जास, कुलदीप व गगनदीप उसकी पुत्री को नशीला पदार्थ सुंघाकर बाइक पर बैठाकर कुलदीप के घर गाहडू ले गए। अर्द्धबेहोशी की हालत में उसकी पुत्री के साथ तीनों ने दुष्कर्म किया व अश्लील वीडियो बना ली और धमकी दी कि अगर किसी को शिकायत की तो अश्लील वीडियो वायरल कर समाज में बदनाम कर देंगे। पूरे परिवार को जान से मरवा देंगे। इसके बाद यह तीनों उसकी पुत्री को उनके घर के पास रास्ते में छोड़कर चले गए।

उसकी पुत्री ने दो दिन बाद आपबीती बताई। पीड़िता के पिता के अनुसार उन्होंने इस संबंध में 30 सितम्बर को महिला पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया लेकिन अभी तक पुलिस ने इस प्रकरण में संतोषजनक कार्रवाई नहीं की। अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। उन्हें आरोपी पक्ष से जान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई कि प्रकरण में नामजद आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए जांच अधिकारी को निर्देशित किया जाए। Hanumangarh News