घरौंडा। घरौंडा के सरकारी अस्पताल में अब गर्भवती महिलाओं को सिजेरियन डिलीवरी के लिए करनाल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। घरौंडा सीएचसी में जल्द ही सिजेरियन डिलीवरी और जनरल सर्जरी की सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके लिए अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर तैयार कर लिया गया है। यह सुविधा शुरू होने से घरौंडा और आसपास के ग्रामीण इलाकों की महिलाओं व मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें अब तक आपात स्थिति में करनाल रेफर किया जाता था।
घरौंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हर महीने करीब 80 से ज्यादा डिलीवरी होती हैं। सीएचसी घरौंडा से पीएचसी चोरा, पीएचसी बरसत, पीएचसी कुटेल और पीएचसी कोहंड़ जुड़े हुए हैं। किसी भी तरह की जटिलता या इमरजेंसी में सिजेरियन डिलीवरी के लिए गर्भवती महिलाओं को करनाल रेफर कर दिया जाता था। इससे महिलाओं के साथ-साथ उनके परिजनों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब यह सुविधा घरौंडा में ही मिलने से समय और भागदौड़ दोनों से राहत मिलेगी। सीएचसी घरौंडा में ओपीडी का दबाव भी काफी ज्यादा है। रोजाना करीब 450 मरीज इलाज के लिए यहां पहुंचते हैं। घरौंडा शहर के अलावा यमुना इलाके में रहने वाले लोग भी इसी अस्पताल पर निर्भर हैं। इलाज न मिलने की स्थिति में मरीजों को मजबूरी में प्राइवेट अस्पतालों का रुख करना पड़ता है या फिर करनाल जाना पड़ता है। इन क्षेत्रों की जनसंख्या लाखों में है और घरौंडा से करनाल व अन्य शहरों की दूरी 30 से 40 किलोमीटर तक है।
अब रेफर की मजबूरी खत्म, समय और पैसे दोनों की बचत
अब तक गर्भवती महिलाओं को पहले घरौंडा सीएचसी आना पड़ता था और समस्या आने पर करनाल रेफर कर दिया जाता था। इसके बाद परिजन महिला को करनाल लेकर जाते थे, जिसमें कीमती समय और पैसे दोनों खर्च होते थे। ऑपरेशन थियेटर शुरू होने के बाद यह समस्या खत्म हो जाएगी और मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही इलाज मिल सकेगा।
गरीब मरीजों को मिलेगा सबसे ज्यादा लाभ
घरौंडा सीएचसी के अतिरिक्त एसएमओ डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि सीएचसी में जनरल सर्जरी और सिजेरियन डिलीवरी शुरू होने से गरीब मरीजों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी। ऑपरेशन थियेटर का काम लगभग पूरा हो चुका है और लाइटें भी लग चुकी हैं। ओटी के शुरू होते ही डॉक्टरों की तैनाती भी हो जाएगी। इसके बाद घरौंडा और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों की सर्जरी यहीं पर की जाएगी। इससे मरीजों का पैसा बचेगा, समय पर इलाज मिलेगा और सर्जरी के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।















