Punjab: चंडीगढ़। पंजाब के मोहाली में एयरपोर्ट के पास एक बड़े और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो गया है। यहां एक आधुनिक एक्सपो सिटी विकसित की जाएगी, जिसमें देश का पहला समर्पित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टावर बनाया जाएगा। इस टावर में करीब 300 AI और टेक्नोलॉजी कंपनियों के काम करने की योजना है, जिससे पंजाब को टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
White Hair: सिर्फ 2 चम्मच हल्दी पाउडर और सारे सफेद बाल काले! जानें कैसे लगाएं
इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए आवास एवं शहरी विकास विभाग ने लगभग 182.88 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जमीन लेने से पहले सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट (SIA) कराया जाएगा, ताकि यह समझा जा सके कि इस प्रोजेक्ट का आसपास के गांवों और स्थानीय लोगों पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
जमीन का अधिग्रहण राइट टू फेयर कंपेंसेशन एंड ट्रांसपेरेंसी इन लैंड एक्विजिशन, रिहैबिलिटेशन एंड रिसेटलमेंट एक्ट, 2013 के तहत किया जा रहा है। इस परियोजना में सफीपुर, लंडियाली, धरमगढ़ और रुड़का गांवों की जमीन शामिल की गई है। मास्टर प्लान के अनुसार इस क्षेत्र को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। चूंकि यह परियोजना सार्वजनिक उद्देश्य (पब्लिक पर्पस) की श्रेणी में आती है, इसलिए ग्राम सभा की अनुमति जरूरी नहीं होगी, हालांकि प्रभावित पंचायतों और जमीन मालिकों से बातचीत करना अनिवार्य रहेगा। माना जा रहा है कि सर्वे की प्रक्रिया पूरी होने में करीब छह महीने लग सकते हैं।
टेक्नोलॉजी और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा | Punjab
एक्सपो सिटी में बनने वाला AI टावर पंजाब में टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप और इनोवेशन को नई दिशा देगा। इसके साथ ही इस प्रोजेक्ट से हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
इस परियोजना के तहत लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एग्जिबिशन ग्राउंड भी विकसित किया जाएगा। यहां बड़े पैमाने पर ग्लोबल एक्सपो, कन्वेंशन, ट्रेड शो और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इसे आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया जाएगा, ताकि देश-विदेश की कंपनियां अपने उत्पाद और तकनीक का प्रदर्शन कर सकें। इस एग्जिबिशन ग्राउंड को दिल्ली के प्रगति मैदान की तर्ज पर विकसित करने की योजना है, जिससे यह व्यापार और उद्योग से जुड़े बड़े आयोजनों का प्रमुख केंद्र बन सके।
इसके अलावा एक्सपो सिटी में लगभग 20 एकड़ क्षेत्र में बड़ा शॉपिंग मॉल और रिटेल कॉम्प्लेक्स भी बनाया जाएगा। यहां हाई एफएसआई वाले क्षेत्रों में ऑफिस स्पेस, होटल, हॉस्पिटैलिटी, रिटेल और अन्य व्यावसायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट के तहत होगा सर्वे
एक्सपो सिटी प्रोजेक्ट के लिए होने वाले सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट (SIA) में कई महत्वपूर्ण पहलुओं का अध्ययन किया जाएगा। इसमें यह पता लगाया जाएगा कि इस परियोजना से कितने परिवार प्रभावित होंगे और क्या किसी को अपना घर या जमीन छोड़नी पड़ेगी।
इसके साथ ही यह भी देखा जाएगा कि निजी और सरकारी जमीन, मकान, बस्तियों या अन्य संपत्तियों पर इस प्रोजेक्ट का कितना असर पड़ेगा। अध्ययन में यह भी जांच होगी कि परियोजना के लिए वास्तव में कितनी जमीन जरूरी है। अगर किसी अन्य स्थान पर इसे विकसित करने की संभावना होगी तो उस विकल्प का भी मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही परियोजना के खर्च के मुकाबले समाज और अर्थव्यवस्था को मिलने वाले लाभ का भी आकलन किया जाएगा।
जमीन मालिकों को मिलेगा फायदा
इस प्रोजेक्ट को लेकर GMADA ने जमीन मालिकों के लिए खास लैंड पूलिंग पॉलिसी लागू की है। इसके तहत जिन किसानों की जमीन ली जाएगी, उन्हें इसके बदले लाभ दिया जाएगा। नीति के अनुसार हर एक एकड़ जमीन के बदले किसानों को 800 वर्ग गज का कमर्शियल प्लॉट दिया जाएगा। यानी जमीन मालिकों को एक्सपो सिटी के भीतर ही एससीओ (शॉप-कम-ऑफिस) साइट मिलेगी। इस व्यवस्था का मकसद यह है कि जमीन देने वाले किसानों को सिर्फ मुआवजा ही न मिले, बल्कि विकसित हो रहे कमर्शियल क्षेत्र में उनका सीधा हिस्सा भी हो।
इससे भविष्य में उन्हें बेहतर आर्थिक आय और व्यापारिक अवसर मिलने की संभावना बढ़ेगी। वहीं, यह एक्सपो सिटी प्रोजेक्ट मोहाली और पूरे पंजाब को टेक्नोलॉजी, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।















