ताला तोड़कर प्लॉट में घुसे, ईंटें व सामान बाहर फेंका, तीन जनों के खिलाफ केस
हनुमानगढ़। पीलीबंगा कस्बे के निकट चक 13 एसपीडी क्षेत्र में प्लॉट को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले प्लॉट बेचने के बाद विक्रेता पक्ष ने दोबारा प्लॉट में घुसकर तोड़फोड़ की और सामान चोरी कर लिया। पीड़ित की रिपोर्ट पर पीलीबंगा थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में दलीप कुमार (31) पुत्र मोहनलाल कुम्हार निवासी चक 13 एसपीडी तहसील पीलीबंगा ने बताया कि उसने 11 मई 2023 को ग्राम पंचायत 18 एसपीडी के ग्राम 13 एसपीडी-ए में स्थित प्लॉट इन्द्राज पुत्र साहबराम कुम्हार से 6 लाख रुपए नकद में खरीदा था। इसकी लिखत-पढ़त 500 रुपए के स्टाम्प पेपर पर हुई थी और तब से प्लॉट का कब्जा उसके पास है। प्रार्थी के अनुसार प्लॉट में एक पक्का कमरा बना हुआ है तथा चारदीवारी में तारबंदी की गई थी। वहां करीब 16 हजार ईंटें, खेती के औजार, कीटनाशक, लोहे की अलमारी और संदूक रखे हुए थे, जिनमें उसके कीमती सामान और जरूरी कागजात रखे थे।
मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि 3 मार्च 2026 को अपराह्न करीब 3 बजे इन्द्राज, उसकी पत्नी सरोज और बेटी पूनम प्लॉट पर आए और मकान के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने प्लॉट में रखी 16 हजार ईंटें बाहर फेंक दीं, खेती के औजार बाहर निकाल दिए, कीटनाशक गिरा दिए और प्लॉट की तारबंदी भी काट दी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने प्लॉट में रखी लोहे की अलमारी और संदूक से कीमती सामान और कागजात भी चोरी कर लिए। दलीप कुमार ने बताया कि जब उसे घटना की सूचना मिली और वह मौके पर पहुंचा तो पूनम और सरोज ने गाली-गलौज की और धमकी दी कि यह प्लॉट अब उनका है।
यदि वह वहां से नहीं गया तो उसे जान से मार देंगे और झूठे केस में फंसा देंगे। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने यह भी कहा कि उन्होंने प्लॉट बेचने के बहाने उससे 6 लाख रुपए ठगने की योजना बनाई थी और अब वे प्लॉट पर कब्जा रखेंगे। प्रार्थी ने यह भी बताया कि 4 मार्च 2026 को जब वह रिपोर्ट देने पुलिस थाना पीलीबंगा पहुंचा, तब मनीष पुत्र इन्द्राज ने उसका पीछा भी किया। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर इन्द्राज, पूनम और सरोज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच उप निरीक्षक चैनदान को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News















