हनुमानगढ़। भादरा थाना पुलिस ने साहवा बायपास के पास कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेल रहे चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने 3500 रुपए नकद और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मंगलवार को शाम करीब 4.36 बजे सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ सरकारी वाहन से कस्बा भादरा में गश्त पर निकले थे। Hanumangarh News
इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि साहवा बायपास के पास हाथीपुरा बास के नजदीक सड़क किनारे चार व्यक्ति ताश के पत्तों पर रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मुस्ताक खां (35) पुत्र शरीफ मोहम्मद निवासी वार्ड 22, एलबीएस स्कूल के पास, कस्बा भादरा, नरेश कुमार (25) पुत्र देवीलाल भार्गव निवासी वार्ड 11, विश्वकर्मा मंदिर के पास, कस्बा भादरा, ईश्वर सिंह (28) पुत्र मंगतूराम निवासी वार्ड 11, विश्वकर्मा मंदिर के पास, कस्बा भादरा तथा यूसुफ खां (36) पुत्र सतार मोहम्मद निवासी वार्ड 1, बिहारीपुरा बास, कस्बा भादरा बताया।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास और बीच में रखी ढेरी से कुल 3500 रुपए नकद और 52 ताश के पत्ते मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। मौके पर बरामद ताश के पत्तों को नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को राजस्थान पब्लिक गैंबलिंग ऑर्डिनेंस (आरपीजीओ) की धारा 13 के तहत गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया। प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक अक्षय कुमार को सौंपी गई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह के अलावा कांस्टेबल शमशेर, रणजीत व मदन शामिल रहे। Hanumangarh News
कापे से सिर पर वार कर 30 हजार रुपए लूटे, तीन आरोपियों के खिलाफ केस | Hanumangarh News
हनुमानगढ़। पीलीबंगा कस्बे के निहालपुरा रोड स्थित शराब ठेके के कर्मचारी पर हमला कर नकदी लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोटर साइकिल पर आए तीन युवकों ने कर्मचारी के सिर पर कापे से वार कर उसे घायल कर दिया और कलेक्शन बैग में रखे 30 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। पीलीबंगा थाना पुलिस ने मामले में एक नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में अमन कुमार (25) पुत्र रणजीतराम नायक निवासी 4 एनआर निहालपुरा पीएस पीलीबंगा ने बताया कि उसका भाई आदित्य (22) गांव के बाहर निहालपुरा रोड स्थित शराब ठेके पर कार्य करता है। रिपोर्ट के अनुसार 4 मार्च को दोपहर करीब 12.30 बजे आदित्य ठेका बंद कर कलेक्शन लेकर अपने घर जा रहा था। उसके पास कलेक्शन बैग में करीब 30 हजार रुपए नकद थे। इसी दौरान ठेके के पास कुलदीप वाल्मीकि और उसके दो अन्य साथी मोटर साइकिल पर सवार होकर आए। आरोप है कि कुलदीप और उसके साथियों के हाथ में कापा था और उन्होंने आदित्य से कलेक्शन बैग छीनने की कोशिश की। जब आदित्य ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार कुलदीप ने जान से मारने की नियत से आदित्य के सिर पर कापे से वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा। इसके बाद तीनों आरोपी 30 हजार रुपए से भरा कलेक्शन बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर अमन कुमार मौके पर पहुंचा और अपने भाई को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पीलीबंगा लेकर गया। डॉक्टरों ने आदित्य के सिर में पांच टांके लगाए और फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर कुलदीप व दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक मदनलाल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। Hanumangarh News















