फाग व रमजान के मद्देनजर अलर्ट रहा पुलिस-प्रशासन, हुड़दंगियों पर रही पुलिस की पैनी नजर
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana Holi News: नगर एवं क्षेत्र में होलिकोत्सव हर्षाेल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को जमकर रंग-गुलाल लगाया और गले लगकर होली की शुभकामनाएं दी। वहीं, फाग व रमजान के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना नजर आया।
हिन्दू परंपरा के अनुसार, होलिका दहन के अगले दिन दुल्हेंडी का पर्व मनाया जाता है, परन्तु इस बार दुल्हेंडी पर साल का पहला चन्द्र ग्रहण पड़ रहा था, जिसके चलते फाग का त्योहार बुधवार को मनाया गया। इस दौरान नगर एवं क्षेत्र में लोगों ने जमकर होली खेली। बच्चों एवं युवाओं में एक-दूसरे को गुलाल लगाने का जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने अलग-अलग अंदाज में अपनी खुशी का इजहार किया। हर कोई होली के रंग में रंगा हुआ दिखाई दिया। बच्चे और युवा रंग-गुलाल उड़ाते हुए डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए। गांवों की गलियां पूरी तरह रंगों से सराबोर दिखाई दी। Kairana Holi News
वहीं, फाग व रमजान के दृष्टिगत पुलिस-प्रशासन व स्थानीय खुफिया विभाग पूरी तरह अलर्ट नजर आया। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों द्वारा क्षेत्र की प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी नजर रखी गई। पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी के चलते होलिकोत्सव नगर व क्षेत्र में निर्विघ्न सम्पन्न हो गया। उधर, गुरुवार को कोतवाली में पुलिसकर्मियों ने भी जमकर होली खेली। इस दौरान पुलिसकर्मी डीजे की धुन पर नाचते हुए दिखाई दिए। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि होली व फाग का त्योहार कस्बे व क्षेत्र में शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ है। Kairana Holi News















