हमसे जुड़े

Follow us

20 C
Chandigarh
Saturday, March 7, 2026
More

    Road Accident: नाभा-भादसों रोड़ पर हादसा, दो लोगों की मौत, डेढ़ दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल

    Nabha News
    Nabha News: भादसों मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त सरकारी बस और टिप्पर तथा टिप्पर चालक को निकालने के लिए राहत कार्य में जुटी जेसीबी मशीन।

    कई की हालत गंभीर होने पर पटियाला भेजा गया

    नाभा (सच कहूँ/तरुण शर्मा)। Nabha Road Accident News: ठंड के अंतिम दिनों में शुक्रवार सुबह पड़े घने कोहरे के कारण नाभा-भादसों मार्ग पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि लगभग डेढ़ दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना सुबह करीब आठ बजे नाभा के निकट गांव लुबाणा के पास एक सरकारी बस और टिप्पर के बीच टक्कर से हुई। Nabha News

    प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति अचानक बिना आसपास देखे मुख्य सड़क पर आ गए। उसी समय एक ओर से आ रहे टिप्पर चालक ने मोटरसाइकिल सवारों को बचाने की कोशिश की, लेकिन घने कोहरे के कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। संतुलन बिगड़ने से टिप्पर सामने से आ रही सरकारी बस से जा टकराया। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे में बस चालक और टिप्पर चालक सहित बस में सवार लगभग डेढ़ दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत एंबुलेंस और सड़क सुरक्षा बल के वाहनों की सहायता से नाभा के नागरिक अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में भर्ती कराया गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टिप्पर के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की सहायता लेनी पड़ी। इस भीषण दुर्घटना के कारण नाभा-भादसों मार्ग पर कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। मार्ग को सुचारु करने के लिए पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

    घटनास्थल पर पहुंचे सदर थाना प्रभारी जसविंदर सिंह खोखर ने बताया कि हादसा गंभीर था। बस में सवार यात्रियों और टिप्पर चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। नाभा नागरिक अस्पताल में तैनात चिकित्सा कर्मियों के अनुसार दुर्घटना में घायल लगभग डेढ़ दर्जन यात्रियों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि दो व्यक्तियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सेवा सिंह और सुरजीत सिंह के रूप में हुई है। अस्पताल में भर्ती घायलों में दस महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं। इनमें से चार से पांच घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के उपचार के लिए पटियाला भेजा जा रहा है। Nabha News

    यह भी पढ़ें:– धूरी अस्पताल में चोरी का मामला सुलझा, पांच आरोपी गिरफ्तार