मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने के लिए सवर्ण समाज ने प्रशासन से मांगी अनुमति
: हनुमानगढ़। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से जुड़े मुद्दों को लेकर सवर्ण समाज में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में समाज के प्रतिनिधियों ने 8 मार्च को हनुमानगढ़ में प्रस्तावित मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यक्रम के दौरान उन्हें ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता सचिन कौशिक और धन्ने सिंह राठौड़ के नेतृत्व में प्रतिनिधियों ने शनिवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव को लिखित सूचना देकर शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन सौंपने की अनुमति मांगी है। Hanumangarh News
जिला कलक्टर को दिए गए पत्र में बताया गया है कि हनुमानगढ़ में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आगमन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। सवर्ण समाज से जुड़े युवा और छात्र प्रतिनिधि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से संबंधित विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी मांगें मुख्यमंत्री तक पहुंचाना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से एकत्र होकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की अनुमति देने का अनुरोध किया है। पत्र में कहा गया है कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा व्यवस्था और यूजीसी से जुड़े कई विषय ऐसे हैं, जिनको लेकर छात्र-छात्राओं और युवाओं में असंतोष की स्थिति बनी हुई है। सवर्ण समाज का कहना है कि इन मुद्दों पर छात्र-छात्राओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके अलावा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और समान अवसर की व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई है।
सरकार को शिक्षा नीति से जुड़े मामलों में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए
प्रतिनिधियों ने अपने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि छात्र-छात्राओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े निर्णय लेने से पहले छात्र संगठनों और युवा प्रतिनिधियों से संवाद किया जाना आवश्यक है। उनका मानना है कि बिना व्यापक चर्चा के लिए लिए गए निर्णय कई बार युवाओं के हितों के विपरीत साबित होते हैं। इसलिए सरकार को शिक्षा नीति से जुड़े मामलों में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। सामाजिक कार्यकर्ता सचिन कौशिक ने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्पन्न हो रही समस्याओं का समाधान करना बेहद जरूरी है। यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो इसका सीधा प्रभाव युवाओं के भविष्य पर पड़ेगा।
इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री के समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत कर सरकार का ध्यान इन मुद्दों की ओर आकर्षित किया जाएगा। धन्ने सिंह राठौड़ ने बताया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और इसमें कानून-व्यवस्था से संबंधित सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा। प्रतिनिधियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया है कि ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न की जाएगी और किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी। पत्र में डॉ. प्रेम सिंह शेखावत, भूपेंद्र सिंह बिशेन, विजय सिंह चौहान, सूर्यप्रकाश जोशी, प्रवीण कटोच, डॉ. निशांत बतरा और भगवान सिंह खुड़ी के नाम भी अंकित हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हनुमानगढ़ दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी तय है। ऐसे में सवर्ण समाज के प्रतिनिधि भी इसी अवसर पर अपनी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की तैयारी में हैं। Hanumangarh News















