महिला सहित आधा दर्जन के खिलाफ मामला दर्ज
Live-in Relationships Case: हनुमानगढ़। लिव-इन रिलेशन के नाम पर ठगी, चोरी और ब्लैकमेलिंग करने के आरोप में अदालत के आदेश पर टाउन थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। प्रकरण में एक महिला सहित छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार पंजाबी मोहल्ला, टाउन निवासी 50 वर्षीय अशोक कुमार पुत्र कैलाश चंद्र ने न्यायालय में इस्तगासा पेश किया। परिवादी ने बताया कि उसका वर्ष 2017 में वैवाहिक संबंध विच्छेद हो चुका है और वह अपनी 70 वर्षीय माता के साथ रहता है। Hanumangarh News
अकेलेपन और संपत्ति होने के कारण उसके रिश्तेदारों की नीयत पर उसे संदेह था। परिवादी के अनुसार वर्ष 2020 में आरोपियों श्यामलाल, अनुप कुमार, रितू, प्रेम कुमार व सुमित्रा ने उसे मधुबाला नामक महिला से मिलवाया और लिव-इन रिलेशन में रहने के लिए प्रेरित किया। उस समय कोरोना काल के दौरान वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत शुरू हुई और जुलाई 2020 में महिला अपनी 10 वर्षीय बेटी के साथ परिवादी के घर रहने आ गई। आरोप है कि इस दौरान महिला धीरे-धीरे परिवादी के घर से नकदी निकालती रही और सोने-चांदी के आभूषण भी गायब कर दिए। इसके अलावा वह अपने मायके जाते समय भी पैसे लेकर जाती थी, जिनका कोई हिसाब नहीं देती थी।
इन बातों को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ा और अगस्त 2022 में महिला घर छोड़कर चली गई। जाते समय वह लगभग 30 हजार रुपए व एक सोने की चेन भी ले गई। परिवादी ने आरोप लगाया कि इसके बाद पिछले करीब 10 महीनों से आरोपी पक्ष उसे 15 लाख रुपए देने के लिए धमका रहा है। आरोपियों का कहना है कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उसके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करवा दिए जाएंगे और उसे आजीवन कारावास तक भिजवा दिया जाएगा। इस्तगासा में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने पहले से ही साजिश के तहत दस्तावेज तैयार करने शुरू कर दिए थे।
महिला की ओर से अपने इलाज संबंधी दस्तावेजों में परिवादी का नाम पति के रूप में दर्ज कराया गया, जबकि उस समय दोनों की मुलाकात भी नहीं हुई थी। इससे यह आशंका जताई गई है कि भविष्य में कानूनी दबाव बनाने के लिए पहले से सबूत तैयार किए जा रहे थे। परिवादी का यह भी आरोप है कि महिला पूर्व में दो विवाह कर चुकी है और अन्य लोगों के साथ भी इसी प्रकार के विवादों में शामिल रही है। आरोप है कि यह एक संगठित गिरोह की तरह काम कर लोगों को फंसाकर पैसे ऐंठता है। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार को सौंपी है। Hanumangarh News















