कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज
हनुमानगढ़। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नोहर के आदेश पर ट्रक सौदे से जुड़े एक मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने और धोखाधड़ी के आरोप में नोहर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार खरसण्डी निवासी व हाल नोहर निवासी 58 वर्षीय प्रताप सिंह पुत्र जैसाराम ने न्यायालय में इस्तगासा पेश किया। परिवादी के अनुसार उसके पास ट्रक नंबर आरजे 31 जीए 4641 था, जिसे उसने टाटा फाइनेंस से ऋण लेकर खरीदा था। Hanumangarh News
परिवादी ने बताया कि 3 जुलाई 2020 को यह ट्रक नरेन्द्र कुमार निवासी राजगढ़ जिला चूरू के साथ 8 लाख रुपए में बेचने का सौदा हुआ, जबकि 10 जुलाई 2020 को ट्रक सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान 1.20 लाख रुपए नकद दिए गए तथा शेष 6.80 लाख रुपए फाइनेंस कंपनी की किश्तों के रूप में चुकाने की जिम्मेदारी क्रेता पर तय हुई। इस संबंध में स्टाम्प पर लिखित समझौता भी किया गया था, जिसमें वाहन का नामांतरण करवाने तक वाहन को आगे नहीं बेचने की शर्त भी शामिल थी। परिवादी का आरोप है कि बाद में क्रेता नरेन्द्र कुमार ने अन्य आरोपियों हनुमान प्रसाद, कंवरपाल व शीशपाल के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए।
आरोप है कि 5 जून 2023 को एक कथित अंडरटेकिंग, एनओसी व अन्य कागजात तैयार किए गए, जिन पर परिवादी के फर्जी हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं तथा नोटेरी से सत्यापित भी कराया गया है। परिवादी ने बताया कि उक्त तारीख के दौरान वह एक अन्य प्रकरण में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में था, ऐसे में उसका नोटेरी के समक्ष उपस्थित होना संभव नहीं था। इससे स्पष्ट होता है कि उसके हस्ताक्षर फर्जी तरीके से किए गए हैं। इसके अलावा उसके आधार कार्ड की प्रति पर भी फर्जी हस्ताक्षर कर दस्तावेजों में उपयोग करने का आरोप लगाया गया है। नोहर थाना पुलिस ने इस्तगासा के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार दस्तावेजों की सत्यता, नोटेरी प्रक्रिया व फाइनेंस कंपनी की भूमिका की जांच की जा रही है। Hanumangarh News















