प्रताप नगर, सच कहूं राजेंद्र कुमार। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला यमुनानगर की ओर से नेचर कैंप भूरी, मोरनी हिल्स (पंचकूला) में दिनांक 18 अप्रैल से 20 अप्रैल तक “ओरिएंटेशन कोर्स फॉर ग्रुप लीडर्स” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समापन मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लता बख्शी ने जबकि कार्यक्रम का उद्घाटन अशोक राणा ज़िलामैलिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक श्री करनैल सिंह संधवा की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ, जबकि इस अवसर पर राज्य प्रशिक्षण आयुक्त श्री एल.एस. वर्मा, श्री रामकुमार, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक धीमान, नरेश पाल एवं श्रीमती सुनीता सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती प्रेमलता बक्शी ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स आंदोलन विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, सेवा भावना एवं राष्ट्रभक्ति का विकास करता है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर जमीनी स्तर पर इस आंदोलन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अशोक राणा ने स्काउटिंग को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु अत्यंत आवश्यक बताया।
जिला संगठन आयुक्त श्री संदीप गुप्ता एवं श्रीमती रितु यादव ने बताया कि तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में लगभग 69 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को स्काउटिंग के मूल सिद्धांत, स्काउट/गाइड नियम एवं प्रतिज्ञा, प्रार्थना, ध्वज गीत, सभा संचालन, नेतृत्व विकास, स्काउटिंग का इतिहास तथा सर्वधर्म प्रार्थना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त नेतृत्व विकास पर विशेष सत्र आयोजित किए गए, जिससे प्रतिभागियों में एक प्रभावी ग्रुप लीडर के रूप में कार्य करने की क्षमता विकसित हो सके।
शिविर के दौरान अनुशासन, समयबद्धता एवं टीम भावना का विशेष ध्यान रखा गया। प्रतिदिन सायंकाल आयोजित भव्य कैम्प फायर इस प्रशिक्षण का मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गीतों एवं स्काउटिंग गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा आपसी सहयोग एवं भाईचारे की भावना को सुदृढ़ किया।
डीपीसी करनैल सिंह संधवा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर शिक्षकों एवं ग्रुप लीडर्स को नई दिशा प्रदान करते हैं, जिससे वे अपने-अपने विद्यालयों में स्काउटिंग गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित कर सकते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस प्रशिक्षण शिविर के सफल संचालन में श्री मधुकर चौहान, श्री सुनील शर्मा, श्री मनोज पनजेटा, श्री रजनीश गुप्ता, श्री मुकेश शर्मा, श्री मान सिंह, श्री नितिन वालिया, श्री गौरव राणा एवं श्रीमती शिवानी खोसला का विशेष योगदान रहा। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया तथा उन्हें स्कार्फ भेंट कर सम्मानित किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर अत्यंत सफल रहा तथा इसने प्रतिभागियों में स्काउटिंग के प्रति नई ऊर्जा, उत्साह एवं समर्पण की भावना का संचार किया।















